Monday, March 3, 2008

तीसरी कहानी- किराये का इद्रधनुष

(मानसिक रूप से विकलांग बच्‍चे की प्‍यार की, खास तौर पर मां के प्‍यार की तड़प को ले कर ये कहानी बीस बरस पहले लिखी गयी थी लेकिन आज भी यह कहानी उतनी ही सच है.)

बम्बई की बरसात भी बस ! मुसीबत ही है। कहाँ तो सोचा था कि इन दो–तीन दिनों में पूरी बम्बई घूमूँगा। इस मायानगरी को खुद अपनी आँखों से देखूँगा, जानूँगा और कहाँ फँसा पड़ा हूँ इस गेस्ट रूम में। जब से यहाँ आया हूँ, यह झड़ी जो लगी है, रूकने का नाम ही नहीं ले रही। इस कमरे में चहल–कदमी करते–करते थक गया हूँ। लेटने की कई बार कोशिश की है परन्तु इतना नरम बिस्तर होते हुए भी तुरन्त उठ बैठता हूँ। कमरे की एक–एक चीज को कई–कई बार देख चुका हूँ। सारी पत्रिकाएँ तो कल ही देख ली थीं, लेकिन मन में जो एक अजीब–सी कड़वाहट घर कर रही है – गुस्से की, बेचैनी की, उससे वक्त काटना और भी मुश्किल हो रहा है। और ऊपर से यह बरसात, मेरे भीतर उठते तूफान को और तेज कर रही है। पता नहीं, कब तक इस कैद में रहना होगा।
मैं इसे कैद क्यों कह रहा हूँ ! यह इतना बढ़िया गुदगुदे मैट्रेस वाला डबल–बैड, आरामकुर्सियाँ, किताबों से अटी पड़ी अल्मारियाँ, शो–केस, अटैच्ड बाथरूम, जिसमें ठण्डे–गर्म पानी की सुविधा है। सब कुछ साफ–सुथरा। सब कुछ तो यहाँ है! क्या हुआ जो इस कमरे में समुद्र की ओर खुलने वाली कोई खिड़की नहीं है। और तो कोई कमी नहीं। फिर बम्बई जैसे महँगे शहर में तीन–चार दिनों के लिए इतनी अच्छी तरह से रहने और साथ में खाने–पीने की सुविधा को मैं कैद कह रहा हूँ? जिसे मैं कैद कह रहा हूँ कभी सपने में भी कफ परेड जैसे पॉश इलाके में 20 वीं मंजिल पर इतने आलीशान फ्लैट के गेस्ट रूम में रहने के बारे में सोच सकता था। क्या मेरी इतनी औकात है कि मैं इतनी खूबसूरत जगह में आराम से पसरा रहूँ और चाय, नाश्ता सब कुछ मेरे कमरे में पहुँचा दिया आए और यह सब सेवा एक ऐसी नौकरानी करे जो मुझसे भी अच्छी अंग्रेजी बोलती है, और स्मार्ट तो इतनी है कि कल जब मैं दिन में यहाँ पहुँचा था और दरवाजा उसी ने खोला था तो मैं उसे खन्ना अंकल की लड़की रितु ही समझा था और उसे विश भी उसी के हिसाब से किया था।
कल शाम को तैयार होकर जब कमरे से बाहर निकला तो उस वक्त आंटी ड्राइंग रूम में फोन पर किसी से बात कर रही थीं। मैं यही चाह रहा था कि कोई–न–कोई ड्राइंग रूम में मिल जाए, नहीं तो फिर किसी को बुलवाने के लिए या तो आवाज देनी पड़ती या फिर रूबी को ढूँढना पड़ता। आंटी जब तक फोन पर बात करती रहीं, मैं वहीं सोफे की टेक लगाए खड़ा रहा। फोन रखते ही जब वे मुड़ीं तो मुझ पर नजर पड़ी। चेहरा एकदम तुनक नया। अभी तो फोन पर हँस–हँसकर बातें कर रही थीं !
– क्या बात है मनीश ! कहीं जा रहे हो क्या! उन्होंने चेहरे की तुनक कम किए बिना साड़ी की प्लीट्स ठीक करते हुए पूछा था। मैं एकदम सकपका गया था, फिर भी हिम्मत जुटाकर बोला था – वो सुबह से कमरे में बैठा–बैठा बोर हो रहा हूँ। इस समय शायद बरसात रूकी हुई है, सोच रहा था, कहीं घूम आऊँ।
मैंने जानबूझकर कार और ड्राइवर की बात नहीं की थी। हल्की–सी उम्मीद थी कि शायद वे खुद ही ड्राइवर को बुलाकर मुझे घुमा लाने के लिए कह दें। वैसे भी तो आज दोनों गाड़ियाँ घर पर हैं। सुबह अंकल ही तो बता रहे थे। आंटी भीतर के कमरे की तरफ मुड़ते हुए बोली थीं – भई! यहाँ बरसात का कोई भरोसा नहीं होता। फिर भी जाना चाहो तो बिल्डिंग के सामने ही बस स्टॉप है। मैरीन ड्राइव या फाउंंटेन वगैरह घूम आओ, लेकिन डिनर के वक्त तक लौट आना। रूबी को घर जाना होता है। बाहर जाने का मेरा सारा उत्साह खत्म हो गया था। लेकिन कमरे में बैठे–बैठे कुढ़ते रहने से तो यही अच्छा था कि बरसात में ही घूमता भीगता रहूँ, यही सोचकर – अच्छा आंटी कहकर मैं बाहर आ गया था। लिफ्ट का बटन दबाने के बाद मैं आँखें मूँदे दीवार के सहारे खड़ा हो गया था। मुझे बाउजी पर गुस्सा आने लगा था – क्यों भेजा उन्होंने मुझे यहाँ अपने वन–टाइम लँगोटिया यार और इस समय एक बहुत बड़े आदमी – कृष्ण गोपाल खन्ना के घर पर ठहरने के लिए? मैं कहीं भी दस–बीस रूपये वाले होटल वगैरह में ठहर जाता। वहाँ कम–से–कम मुझे हर वक्त ज़लील तो न होना पड़ता। मुझे अपने आउटसाइडर होने का या मेरे छोटेपन का अहसास तो न कराया जाता और फिर उस हालत में मैं चार दिन के लिए थोड़े ही आता। इन्टरव्यू वाला दिन और उससे एक दिन पहले यानी दो दिन की बात होती और फिर मैं सेकेण्ड क्लास से आया हूँ और वापसी की टिकट भी तो सेकेण्ड क्लास का बुक करवाया है, जबकि कम्पनी मुझे दोनों तरफ का फर्स्ट क्लास का किराया दे रही है। उससे जो पैसा बचता, वह रहने–खाने के काम आ जाता।
लिफ्ट आ गई थी। मैं नीचे आ गया। सड़क पर आने के बाद मैंने आस–पास देखा, पानी थमा हुआ था लेकिन लोग तेजी से आ–जा रहे थे। मैंने यह बात सुबह भी नोट की थी, अब भी देख रहा था कि यहाँ पर लोग और शहरों की तुलना में ज्यादा तेज चलते हैं, कहीं देखते नहीं, बस लपकते से रहते हैं। सुबह चर्चगेट के बाहर तो मैंने कई औरतों को भागते हुए देखा था। औरतों को इस तरह भागते देखना सचमुच मेरे लिए एक नया दृश्य था। स्‍कर्ट पहने एक बहुत मोटी औरत भागते हुए बहुत ही अजीब लग रही थी।
अभी मुश्किल से मैंने सड़क पार ही की थी कि एक तेज बौछार ने मुझे पूरी तरह भिगो दिया। लोगों ने फटाफट अपने फोल्डिंग छाते खोल लिये। मुझे आस–पास कोई ऐसी जगह नजर नहीं आई जहाँ शरण ले सकता। ऊपर वापस जाने का कतई मूड न था। नतीजतन भगता हुआ बस–स्टाप की तरफ ही चलता रहा। मूड और खराब हो गया था। अब घूमने की भी कोई तुक नहीं थी। तुक तो मुझे पहले ही नजर नहीं आ रही थी क्योंकि मुझे यहाँ जगहों के सिर्फ नाम ही मालूम थे, उनकी दिशा या दूरी का कोई अन्दाज नहीं था। किसी से कुछ भी पूछना बेकार लगा। बस–स्टाप से पैदल चल पड़ा। यूँ ही काफी देर तक भटकता और भीगता रहा। भीगना मुझे अच्छा लगता है, लेकिन आज भीगने से मूड और भी बिगड़ता चला जा रहा था। तभी कोलाबा वाली सड़क पर एक अच्छा–सा बार दिखाई दिया। मुझे इस वक्त अपना अकेलापन काटने का इससे अच्छा कोई रास्ता नहीं दिखाई दिया। बीयर बार में जा घुसा। बीयर पीते हुए मुझे हमेशा इस बात का अहसास होता रहता है कि आसपास कोई है जिससे मैं अपने मन की बातें कह रहा हूँ। हालांकि मैं उस समय बातें खुद से ही करता हूँ। जो बात किसी से कहने को बेचैन हो रहा होता हूँ, किसी के सामने मन की भड़ास निकालना चाहता हूँ तो खुद से बातें करके बहुत सुकून पाता हूँ। इस वक्त भी मुझे सुकून की जरूरत थी।
बीयर के दो घूँट भरते ही मैं अन्तर्मुखी हो गया। मेरे भीतर की सारी सुगबुगाहट बुलबुलों के साथ ऊपर आने लकी। फिर से सारी चीजें दिमाग पर हावी होने लगीं। खुद पर गुस्सा आने लगा – क्यों ठहरा मैं खन्ना अंकल के घर पर। बाऊजी को कम–से–कम एक बार तो सोच लेना चाहिए था कि इन पंद्रह–बीस सालों में उनका दोस्त कितना बदल चुका होगा। ठीक है उनकी खतो–किताबत होती रहती है, लेकिन वह अलग बात है, और फिर मुझे इस बात से क्या मतलब कि खन्ना पर बाउजी के कितने अहसान हैं या दोनों बचपन के दोस्त हैं और दोनों ने मुफलिसी के दिन एक साथ काटे हैं। बाउजी किस तरह अपनी और खन्ना की दोस्ती के चर्चे किए जा रहे थे। अब मैं अगर बाउजी को बताऊँ कि जिस दोस्त की उन्होंने अपने बच्चों का पेट काट कर मदद की थी, यहाँ तक कि एक बार हम बच्चों के लिए दीवाली पर पटाखे न खरीदकर उनके लिए बम्बई टिकट तक जुटाया था, वह आज इतना बड़ा आदमी हो गया है कि उसके पास उसी दोस्त के लड़के के लिए जरा–सा भी वक्त नहीं। गर्मजोशी तो दूर, ढंग से बात करने तक की जरूरत ही नहीं समझी गयी। ये बातें सुनकर उन्हें कैसा लगेगा ! मैं बीयर पीते–पीते दुखी हो रहा था। सुबह से आया हुआ हूँ और कोई बात तक नहीं कर रहा। आने पर ड्राइंग रूम में चाय पीते हुए जो दो–एक बातें हुई थीं, बाऊजी के हालचाल पूछे गए थे, उसके बाद तो मुझे जो गेस्ट रूम में पहुँचा दिया गया है, तब से वहीं घिरा बैठा था। अब बाहर निकला हूँ। यहाँ तक कि मेरा नाश्ता और खाना भी रूबी वहीं गेस्ट रूम में पहुँचा गई थी।
बीयर अपना काम कर रही थी। मैं कुढ़ रहा था और सभी को दोषी मान रहा था। मुझे माँ पर भी गुस्सा आ रहा था, क्यों उसने इतनी मेहनत करके खाने का सामान बना कर दिया है खन्ना के बच्चों के लिए। उसे पता तो चले कि बम्बई के बच्चे ये सब चीजें नहीं खाते। पता नहीं क्या खाते हैं ! आंटी हलवे पकवानों का डिब्बा देखते ही किस तरह मुँह बनाकर बोली थीं – क्या जरूरत थी इतना सब भेजने की? यहाँ तो ये सब कोई नहीं खाता। रूबी ये तुम ले जाना अपने घर, और मैं अवाक रह गया था ! माँ ने कितनी मेहनत से यह बनाया था। कितने घंटे मेहनत करती रही थी बेचारी और बाऊजी भी तो जिद किए जा रहे थे, खन्ना को ये पसन्द है, वो पसन्द है। पता नहीं बम्बई में उसे ये खाने को मिलते होंगे या नहीं! देख लें न यहाँ आकर ! और रितु को देखो, क्या नखरे हैं! मंजू ने इतना शानदार कार्डीगन बनाकर दिया और वो किस तरह मुँह बनाकर बोली – मुझे नहीं पहनना ये सड़ा हुआ कार्डीगन। और वह स्वेटर वहीं पटककर अपने कुत्ते को गोद में लिए अपने कमरे की ओर चली गई थी। सच, उस समय तो मेरा खून ही खौल गया था। मन हुआ था कि अभी अटैची उठाकर चल दूँ कहीं और। साला यह भी कोई तरीका है बात करने का! माना तुम लोग रईस हो गए हो। ट्रंसपोर्ट के बिजनेस में ब्लैक की कमाई करके बीस–तीस लाख के आदमी हो गए हो लेकिन इसका ये तो कोई मतलब नहीं है कि दूसरों की इस तरह इज्जत उतार लो। अभी तो मुझे आए हुए कुल आधा घंटा ही हुआ था और किस तरह से यहाँ से मोहभंग हो गया था।
मन में हल्की–सी तसल्ली भी हुई थी कि अगर हम रईस नहीं हैं तो कम–से–कम इन्सानी मूल्यों पर तो टिके हुए हैं, तहजीब से बात तो कर सकते हैं। अब यही लोग मेरठ आए होते तो इनको बता देते कि मेजबानी क्या होती है! सारा परिवार इनकी जी–हुजूरी में एक टाँग पर खड़ा होता। क्या मजाल कि कोई जरा ऊँची आवाज में बोल कर तो दिखाए। बाउजी की यही तो खासियत है। न तो किसी की बेइज्जती करते हैं, न अपनी होने देते हैं। अब उनको मैं ये सब बताऊँगा तो देखना–खन्ना अंकल से बातचीत तब बंद न हुई तो बात है। सवालों के जवाब मैं बीयर के घूँट भरते हुए खुद से पूछता रहा। बीयर के सुरूर में खुद को, सबको कोसने के बाद मैं हलका महसूस कर रहा था। सोचा, कल स्टेशन जाकर इंटरव्यू वाले दिन की टिकट की कोशिश करूंगा, ताकि फालतू में यहाँ दिमाग खराब न होता रहे।
दरवाजा अंकल ने खोला था। ड्राइंग रूम में हलकी रोशनी थी। उनके हाथ में भरा हुआ गिलास था और ड्राइंग रूम के कोने में बने उनके शानदार बार में बत्ती जल रही थी। बार स्टैण्ड पर आइस–बॉक्स, सोडा फाउन्टेन और खुली बोतल रखी थी।
– यस, यंग मैन, उन्होंने अपने गिलास में से लम्बा घूँट लेते हुए पूछा था – कहाँ घूमकर आ रहे हो?
–कहीं नहीं अंकल, बरसात की वजह से सारे दिन घर पर ही रहा, अभी जरा नीचे तक घूमने निकल गया था। मैं उनसे नजरें नहीं मिलाना चाहता था, क्योंकि मूड अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ था और मैं नहीं चाहता था कि उन्हें पता चले कि मैं बीयर पीकर आया हूँ। वैसे भी अपनी और फजीहत करवाने की इच्छा नहीं थी। बेशक अंकल ने कोई ऐसी बात नहीं की थी, जिसे मैं अन्यथा लेता, लेकिन वे सुबह हो रहे पूरे ड्रामे में तो मौजूद थे। जब मैंने शहर देखने की इच्छा व्यक्त की थी तो वे भी तो मुझे गाइड कर सकते थे या रितु या ड्रायवर को मुझे घुमा लाने के लिए कह सकते थे, या फिर आंटी और रितु को चीजें रख लेने के लिए कह सकते थे।
–तुम्हारा खाना तुम्हारे कमरे में रखा है, हमें पता नहीं था तुम कितने बजे तक लौटोगे। उन्होंने गिलास खाली किया और तिपाई पर रखते हुए बोले थे – हम डिनर पर बाहर इन्वाइटेड हैं। आंटी वगैरह जा चुके हैं। मैं तुम्हारे लिए ही बैठा था। वे उठ खड़े हुए और बाहर जाते हुए बोले – ओ.के.यंग मैन, सी यू टुमारो, गुड नाइट। मैं गुडनाइट कहकर अपने कमरे में आ गया था। कोनेवाली मेज पर ढका हुआ खाना और पानी का जग वगैरह रखे हुए थे। देखा–दो एक सब्जियाँ, चावल और रोटी थीं। भूख होने के बावजूद खाने की इच्छा नहीं हुई। अगर मेरी इतनी ही चिन्ता थी तो मुझे उसी वक्त बता देते या कह देते, बाहर ही खा लेता। लेकिन फिर सोचा–अगर मैं खाना न खाऊँ और सुबह होने पर आंटी देखेंगी तो फिर भिनभिनाएँगी – एक तो स्पेशियली खाना बनवाया और छुआ तक नहीं। नहीं खाना था तो मना करके जाते। और मैं खाना खाकर सो गया था।

सबेरे से फिर वही रूटीन चल रहा है, बरसात हो रही है और मैं कमरे में बन्द हूँ। रूबी एक बार सुबह पूछ भी गई थी वीडियो पर कोई फिल्म देखना चाहेंगे। लेकिन मैंने मना कर दिया था। फिल्म देखने का मतलब है – ड्राइंग रूम में बैठना और ड्राइंग रूम चूँकि सभी कमरों के बीच में पड़ता है, अतः सबकी निगाहों के बीच बैठना मुझे कतई गवारा नहीं था। रितु के कमरे से अब म्यूजिक की आवाज आनी बन्द हो गई है, लगता है कि किसी किताब वगैरह में मन लग गया होगा। फर्स्ट ईयर में है रितु। सुन्दर है, पर है अपनी माँ की तरह नकचढ़ी। एक ही नजर में आप मालूम कर सकते हैं – माँ–बाप की बिगड़ैल और जिद्दी लड़की है। बस ड्राइंग रूम में ही कल जो हैलो हुई थी, उसके बाद नजर तो कई बार आई है लेकिन आँखें न उसने मिलाई हैं न मैंने ही जरूरत समझी है। खासकर कार्डीगन वाले प्रसंग से तो मुझे उसकी शक्ल तक से नफरत हो गई है।
इस घर में मुझे एक ही आदमी ढंग का लगा है – टीपू। सत्रह साल का टीपू देखने में खासा जवान लगता है, स्मार्ट भी है। टैन्थ में पढ़ता है। इतना अच्छा लड़का, लेकिन अफसोस कि वह गूँगा–बहरा है। समझता है वह भी सिर्फ अंग्रेजी लिप मूवमेंट के सहारे।
अपनी बात माइमिंग से ही समझाता है या कभी–कभी लिखकर भी। उससे आज बहुत ही शानदार ढंग से मुलाकत हुई। इन्टरव्यू के सिलसिले में कुछ तैयारी कर रहा था कि दरवाजे पर वह दिखाई दिया। पहले तो मैंने पहचाना नहीं लेकिन जब अन्दर आ गया और उसने हाथ बढ़ाया तो मुझे याद आ गया। कल जब मैं यहाँ पहुँचा तो वह स्कूल जा रहा था। शायद पैसों की किसी बात को लेकर आंटी उसे डाँट रही थीं। बाऊजी ने भी मुझे उसके बारे में बताया था कि खन्ना उसकी ट्रेनिंग और पढ़ाई की वजह से काफी परेशान रहते हैं।
उसने बहुत गर्मजोशी से मेरा हाथ थामा। मुझे बहुत अच्छा लगा। कोई तो है जो यहाँ शब्दों के बिना भी इतनी अच्छी तरह से कम्यूनिकेट कर रहा था। हम हाथ मिलाने भर में एक–दूसरे के मित्र बन गए। मुझे उसका आना अच्छा लगा। वह अचानक उठा और दरवाजा बन्द कर आया। हालाँकि उस वक्त हम दोनों और रूबी के अलावा घर में कोई और न था। उसने जेब से सिगरेट की डिब्बी और माचिस निकाली और एक सिगरेट ऊपर करके मेरे आगे बढ़ायी। अच्छा तो यह बात थी! सिगरेट कभी–कभार मैं पी लेता हूँ। चार्म्स मेरा ब्रांड भी है, परन्तु यहाँ अंकल के घर पर रहने के कारण मैंने फिलहाल स्थगित कर रखी थी। अब सिगरेट देखकर तलब तो उठी लेकिन एक सोलह–सत्रह साल के लड़के के साथ इस तरह सिगरेट पीना न जाने क्यों अच्छा नहीं लगा – हालाँकि ऑफर वही कर रहा था। मेरे मना करने पर उसे आश्चर्य हुआ। उसके सिगरेट सुलगाने और पीने का अन्दाज बता रहा था कि वह पुराना खिलाड़ी है। उससे खुलकर बातें करना चाहता था पर कभी ऐसी स्थिति से वास्ता न पड़ा था कि माइमिंग के सहारे बात करनी पड़े या ऊँची आवाज में अंग्रेजी बोलते हुए होंठों से सही मूवमेंट्स के जरिए अपनी बात समझानी पड़े। उसने इशारे से पूछा – यहाँ किस सिलसिलें में आया हूँ। मैंने बताया यहाँ एक कम्पनी में मेडिकल रिप्रेजेन्टेटिव के लिए इन्टरव्यू देना है। कल इन्टरव्यू है बेलार्ड पियर में। तभी उसने अपनी जेब से एक लड़की की तस्वीर निकाली। मुझे फोटो दिखाते हुए वह दिल पर हाथ रख कर मुस्कुराया। मैं समझ गया कि वह उसकी स्वीट हार्ट की फोटो थी। लड़की निश्चय ही सुन्दर और संवेदनशील लगी। मैंने नाम पूछा। उसने कागज लेकर उस पर बहुत सुन्दर अक्षरों में लिखा – उदिता, माई लव। और कागज को चूम लिया। मुझे हँसी आ गई। पूछा – तुम्हारे साथ पढ़ती है क्या। उसने सिर हिलाया – नहीं। फ्रेंड की सिस्टर है। – वह भी तुम्हें चाहती है क्या! मेरे पूछने पर उसने कुछ नहीं कहा, सिर्फ एक मिनट में आने का इशारा करके चला गया। थोड़ी देर में वापस आया तो उसके हाथ में कई चीजें थीं – दो तीन किताबें, एक खूबसूरत पेन, सेंट की शीशी, गॉगल्स और कई छोटे–मोटे गिफ्ट आइटम। वह अपने हाथों में यह अनमोल खजाना लिए बहुत उल्लसित था। मैंने पूछा और तुमने क्या दिया है उसे। उसने आँख दबाकर कैमरा एडजस्ट और क्लिक करने की माइमिंग की।
- लेकिन इतने पैसे कहाँ से लाए तुम? जो कुछ उसने बताया, वह मुझे चौंकाने के लिए काफी था।
- नयी साइकिल बेचकर और घर में बताया कि खो गई।
मुझे उस पर तरस आया। बेचारे को अपने प्यार का इजहार करने के लिए क्या–क्या करना पड़ता है। मैंने यूँ ही पूछा – कभी फिल्म वगैरह भी जाते हो, लेकिन तुरन्त ही अपने सवाल पर अफसोस होने लगा – टीपू बेचारा कैसे इन्जॉय कर पाता होगा। लेकिन मुझे टीपू की मुस्कराहट ने उबार लिया। उसने इशारे से बताया कि वे कई फिल्में एक साथ देख चुके हैं। मैं कुछ और पूछता इसके पहले ही टीपू ने मुझे घेर लिया – आपकी कोई गर्ल फ्रैंड है क्या! आँखों के सामने मृदुभा का चेहरा उभर आया और याद आयी यहाँ आने से पहले उससे हुई आखिरी मुलाकात। जब मैंने उससे पूछा था – तुम्हारे लिए क्या लाऊँ बम्बई से, तो उसने कहा था – तुम सफल होकर लौट आना, मुझे और कुछ नहीं चाहिए। मैं अभी उस मुलाकात के ख्यालों में ही डूबा था कि टीपू ने मेरा कंधा हिलाकर अपना सवाल दोहराया। मैं मुस्करा दिया – हाँ है एक। उसने तुरन्त नाम पूछा, क्या करती है, कैसी है।
उसकी आँखों में चमक थी। मुझे अच्छा लगा कि मैंने सिगरेट की तरह इस मामले में झूठ नहीं बोला है। मेरी गर्ल फ्रैण्ड की बात जानकर वह खुद को मेरे और करीब महसूस करने लगा था। मैंने उसे बताया कि वह फिजिक्‍स में एम.एससी. कर रही है अभी।
- और आप? उसने मुझसे पूछा।
- हम तो भई, बी.एससी. के बाद से ही काम की तलाश
में भटक रहे हैं। उसने जेब में डिब्बी निकालकर एक और सिगरेट सुलगायी। तभी उसे कुछ याद आया। वह सिगरेट छोड़कर अपने कमरे में गया और जब वापस आया तो उसके हाथ में पासपोर्ट था। उसने बताया कि अगली जनवरी में वह एक साल के लिए न्यूयार्क जा रहा है। उसे पापा के क्लब ने स्पॉन्सर किया है स्पेशल ट्रेनिंग के लिए।
कमरे में उसके आने से मुझे बहुत अच्छा लग रहा था। हमें बेशक एक–दूसरे की बात समझने में या अपनी बात समझाने में काफी दिक्कत हो रही थी, लेकिन फिर भी हम दोनों का अकेलापन कट रहा था। मेरा अकेलापन तो खैर दो–चार दिन का था। वह खुद को अभिव्यक्त करने के लिए कितना परेशान रहता होगा। तभी उसने घड़ी देखी।
बताया–उसके टयूटर के आने का वक्त हो गया है। उसने अपनी चीजें सहेजीं और फिर मिलने का वादा करके चला गया।
वह अपने पीछे कई सवाल छोड़ गया है। कितना अकेलापन महसूस करता होगा टीपू। क्या रितु उससे उसी तरह लड़–झगड़ कर लाड़–प्यार जताती होगी जिस तरह सामान्य भाई–बहन करते हैं। क्या आंटी अपने क्लब और पार्टियों से फुर्सत निकालकर इसके सिर पर हाथ फेरने या होमवर्क करवाने का टाइम निकाल पाती होंगी। क्या इसके उस तरह के दोस्त होंगे जो इसे अपने खेलों, अपनी दिनचर्या में खुशी–खुशी शामिल करते होंगे। क्या उदिता और टयूटर के अलावा भी कोई उससे बात करता होगा। मैं तो यहाँ दो दिनों के अकेलेपन से ही टूट रहा हूँ, बेचारा टीपू तो कब से अकेला है। मुझे नहीं लगा कि वह अपनी दिनचर्या में इतना खो जाता हो कि उसे किसी साथी की जरूरत ही न होती हो। उसने अपनी एक अलग दुनिया बनायी तो होगी लेकिन उसका कितना दिल करता होगा कि कोई उसकी अकेली दुनिया में आए। देर तक उसके ख्यालों में खोया रहा।
इन्टरव्यू बहुत अच्छा हो गया है। मैं चुन लिया गया हूँ और मुझे मेरे अनुरोध पर दिल्ली हैडक्वार्टर दिया गया है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा कवर करना होगा। अपॉइन्टमेंट लैटर दस दिनों में भेज दिया जाएगा। तुरन्त ज्वाइन करना है और पद्रह दिन की ट्रेनिंग के लिए फिर बम्बई आना होगा। मेरी खुशी का ठिकाना नहीं है। मेरे संघर्ष खत्म हो रहे हैं। मनपसन्द नौकरी मिल गयी है। अच्छी पोस्ट, बड़ी कंपनी, अच्छा वेतन, और टूरिंग जॉब। मैं इतना उत्साहित हूँ कि जी कर रहा है कि किसी भी व्यक्ति को रोककर उसे अपने सेलेक्शन के बारे में बताऊँ। बाऊजी को तुरन्त तार दूँ, लेकिन तार तो कल ही पहुँच पाएगा। फोन कर दूँ, पड़ोस के सचदेवा के घर, लेकिन उन लोगों से तो आजकल ठनी हुई है। कहीं मेरा नाम सुनकर ही फोन रख दिया तो मेरे तीस–चालीस रूपयों का खून हो जाएगा। मैं तो इसी वक्त और यहीं अपनी खुशी बाँटना चाहता हूँ। कितनी अजीब बात है, असीम दुख के क्षण मैंने तनहा काटे हैं और कभी किसी को अपने दुख का हमराज नहीं बनाया है। आज मैं अपनी खुशी के क्षणों में भी अकेला हूँ। कोई हमराज है ही नहीं यहाँ। हालाँकि खुशी बाँटने के लिए कब से तरस रहा हूँ।
घर पर तार डाला। मृदुभा को सांकेतिक भाषा में कार्ड डाला। थोड़ी देर मैरीन ड्राइव पर टहलता रहा। मन बहुत हलका हो गया है। समुद्र ज्वार पर है। लगा, मानो वह भी मेरी खुशी में शामिल है और लहरों के हाथ बढ़ाकर मुझे बधाई दे रहा है। बहुत खूबसूरत है शहर का यह हिस्सा। वापिस आने का मन ही नहीं है। घर लौटते हुए शाम हो गई है। एक मन हुआ कि मिठाई का एक डिब्बा ही ले लूं अंकल वगैरह के लिए। लेकिन टाल गया। मुझे पता है मिठाई का भी वही ह होना है जो पकवानों और कार्डिगन का हुआ है। मुझे और फजीहत नहीं करानी अपनी, न ही मूड खराब करना है।
घर पर सिर्फ टीपू और रूबी हैं। मैंने टीपू को खबर सुनायी है। वह तपाक से मेरे गले मिला है। मैंने खुशी से उसका गाल चूम लिया है और उसके बाल बिखरा दिए हैं। वह बहुत खुश हो गया है। मुझे अच्छा लगा है कि घर पर सिर्फ टीपू मिला है। आंटी वगैरह को तो मैं बताता ही नहीं। रूबी ने चाय के लिए पूछा, लेकिन टीपू ने मना कर दिया है।
– आज की शाम हम सेलीब्रेट करेंगे। खाना भी बाहर खायेंगे, और उसने मुझे हाथ–मुँह धोने का भी मौका नहीं दिया है। घसीट कर बाहर ले आया है। हल्की–हल्की बूँदा–बाँदी हो रही है और आज बरसात में भीगना अच्छा लग रहा है। पर शायद टीपू को यहाँ की बरसात में भीगने में कोई दिलचस्पी नहीं है। उसने एक टैक्सी रूकवायी है और कोलाबा की तरफ चलने का इशारा किया है। मैं परसों इस तरफ आया था लेकिन तब मूड खराब होने के कारण कुछ भी एन्जॉय नहीं कर पाया था। आज कोलाबा में घूमना चाहता हूँ, पर टीपू पता नहीं कहाँ लिए जा रहा है। उसने दो–एक बार टैक्सी को दायें–बायें मुड़ने का इशारा किया है। टैक्सी ताज होटल के पोर्च में आकर रूकी है। अब तक ताज होटल और गेटवे को फिल्मों में ही देखा था। किसी फाइव स्टार होटल में जाने का यह पहला मौका है। मैं मेरठ के एयर कण्डीशण्ड होटलों में भी दो–एक बार ही कॉफी पीने ही जा पाया था। मैंने टैक्सी का बिल देने की बड़ी कोशिश की परन्तु टीपू ने दिया और चेंज लिए बिना मुझे घसीट कर अन्दर ले चला। मैंने जेब पर बाहर से ही हथेली के स्पर्श से महसूस कि किया पैसे सुरक्षित हैं। हालाँकि मुझे यहाँ के दामों के बारे में कोई जानकारी नहीं है फिर भी मैंने मन ही मन हिसाब लगा लिया है, सौ–डेढ़ सौ रूपए तक तो खर्च होंगे ही।
अंदर आते समय मेरा मन मध्यमवर्गीय दब्बूपन की वजह से डर रहा है, लेकिन टीपू की चाल में ऐसी कोई बात नहीं है। वह लापरवाही के अन्दाज में मेरी बांह में बांह डाले चल रहा है। मेरा सारा ध्यान आसपास की रौनक और शानोशौकत पर लगा है। मेरी निगाहों में चकित भाव है जिसे मैं छुपाने की नाकाम कोशिश कर रहा हूँ।
हम पहली मंजिल पर स्थित रेस्तरां में पहुँचे। इत्तिफाक से ठीक समुद्र वाली खिड़की के पास की एक मेज खाली मिल गयी। समुद्र अपना असीम विस्तार लिए हमारे सामने है। दूर खड़े बड़े–बड़े जहाजों की बत्तियाँ बहुत अच्छी लग रही हैं। छोटी–बड़ी किश्तियाँ ऊँची लहरों पर इतरा रही है। इससे पहले कि मैं मीनू पर निगाह डालूँ, टीपू ने दो बीयर का आर्डर दे दिया है। हमारी निगाहें मिलती हैं तो दोनों मुस्करा देते हैं। टीपू मुझसे मेरे इन्टरव्यू के बारे में पूछता है। मैं बतलाता हूँ कि किस तरह सत्ताइस लड़कों में से पाँच को इन्टरव्यू के बाद भी रूकने के लिए कहा गया था। उन पाँच में मैं भी था। उन्हें कुल तीन लड़के लेने थे। बाद में इन्फॉरमली बातचीत के लिए बुलाया गया था और तभी मुझे बता दिया गया था कि मैं चुन लिया गया हूँ। बीयर आ गयी है। साथ में भुनी हुई मूँगफली और सलाद। सर्विस बहुत अच्छी है और वेटर वगैरह बहुत नम्र।
हम धीरे–धीरे सिप करने लगे हैं। मैं टीपू से उसके दोस्तों, उसके परिवार वालों के व्यवहार के बारे में पूछना चाहता हूं। परिवार वालों का नाम सुनते ही उसने मुँह बिचकाया है। मुझे पहले ही आशंका थी कि उसे बहुत अच्छा ट्रीटमेंट नहीं मिलता। वह माइमिंग करके बताता रहा कि किस तरह पापा से बात किए हुए उसे कई दिन बीत जाते हैं, सिर्फ हैलो, हाय से आगे वे कभी बात नहीं करते। अव्वल तो वे घर पर होते ही नहीं। क्लब, पार्टियाँ, बिजनेस ट्रिप्स वगैरह और जब घर पर होते हैं तो या तो अपने बैडरूम में बैठे रहते हैं और बिजनेस के फोन वगैरह करते रहते हैं या शाम के वक्त अपने बार में बैठे पीते रहते हैं। मुझे बहुत धक्का लगा जब उसने बताया कि मम्मी अपने कुत्ते को तो गोद में बिठाकर खाना खिलाती है लेकिन उससे कभी सीधे मुँह बात नहीं करती हैं। जब भी सामने पड़ती हैं किसी–न–िकसी बात पर डाँटने लगती हैं – पढ़ता क्यों नहीं, बाहर क्यों घूमता रहता हूँ, पैसे क्यों माँगता हूं हर वक्त। वह बहुत उदास हो गया है। उसका चेहरा बता रहा है कि अरसे से किसी ने प्यार से बात तक नहीं की है। जब मैंने रितु के बारे में पूछा तो उसका चेहरा और विकृत हो गया। वह बुदबुदाया – शी इज ए बिच। तो मेरा अन्दाज सही था। वह सचमुच बिगड़ी हुई लड़की है। टीपू उसके बारे में बात करने तक को तैयार नहीं है। बहुत कुरेदने पर उसने बताया कि वह पता नहीं किन आवारा लड़कों के साथ घूमती रहती है और ड्रग्स भी लेती है।
हम एक–एक बीयर ले चुके हैं। हलका–सा सुरूर आने लगा है। टीपू ने इशारे से दो और बीयर का आर्डर दे दिया। मेरी इच्छा नहीं है और बीयर पीने की। साथ ही टीपू की उम्र देखते हुए भी डर रहा हूँ कि कहीं उसे ज्यादा न हो जाए। थोड़ा सा ध्यान जेब पर भी है। पर बीयर आ चुकी हैं। मैं उसका खराब मूड देखकर बातचीत को उदिता पर ले आया। उसका चेहरा कुछ सँभला। लगता है, वह उदिता को जी–जान से चाहता है, वह उसकी छोटी–छोटी बातें भी बताने लगा। उदिता की चर्चा करते हुए वह इतना भावुक हो गया कि उसकी आँखों में पानी आ गया। उसके हाथ काँपने लगे। किसी तरह हमने बीयर खत्म की। मुझे डर लगने लगा है टीपू घर पहुँच भी पाएगा या नहीं। जब अंकल को पता चलेगा कि हम दोनों ने दो–दो बीयर पी हैं तो मुझे ही डांटेंगे। मैंने बिल मँगवाया। मैंने सौ का नोट निकालकर बिल के फोल्डर में रखा लेकिन टीपू अड़ गया – यह ट्रीट उसकी तरफ से है, वही पे करेगा। वह हाथ–पैर चलाने लगा। मैं सीन क्रिएट नहीं करना चाहता। बिल उसी ने दिया। हलकी–सी राहत भी हुई। मैं तय कर लेता हूँ डिनर के पैसे मैं दूँगा। टीपू उठा और लड़खड़ाते हुए मेरे साथ चलने लगा। वह ठीक तरह चल भी नहीं पा रहा है। मेरी चिंता बढ़ती जा रही है।
बाहर आए तो दखा कि नौ बज रहे हैं। मैंने टैक्सी रूकवायी तो उसने मना कर दिया। हम पैदल ही फिर कोलाबा की ओर चल दिये हैं। हालाँकि मैं भी पूरे सुरूर में हूँ लेकिन टीपू की वजह से मैं खुद को भूले हुए हूँ। टीपू ने मेरा हाथ मजबूती से थामा हुआ है। तभी मेरी निगाह सड़क के दोनों तरफ खड़ी सजी–धजी लड़कियों पर पड़ती है। पहले तो उन्हें देख कर हैरान होता हूँ, तभी ख्याल आता है, अरे! ये तो धंधा करने वाली लड़कियाँ हैं। पर इस तरह सरे आम! उनकी तरफ देखते हुए भी मुझे अजीब लग रहा है। कुछेक लड़कियाँ तो काफी अच्छी लग रही हैं। टीपू अपने ख्यालों में मस्त चला जा रहा है। मेरे हाथ में कसा उसका हाथ अस्थिर है।
हम धीरे–धीरे कदम बढ़ा रहे हैं। तभी मैंने देखा कि एक खंभे की आड़ में खड़ी एक खूबसूरत लड़की हमारी तरफ देखकर मुस्कराई। निश्चय ही यह मुस्कुराहट प्रोफेशनल है। उसके रंग–ढंग से प्रभावित होने के बावजूद मैंने उसकी तरफ ज्यादा ध्यान नहीं दिया है और आगे बढ़ गया हूँ। लेकिन टीपू ने मेरे हाथ से अपना हाथ छुड़वा लिया है और उसके पास चला गया है। मैं चौंका और भौंचक–सा वहीं खड़ा रह गया। टीपू यह क्या कर रहा है? मेरा दब्बूपन मुझे उस लड़की के पास जाने से रोक रहा है। टीपू उससे इशारों से बात कर रहा है। मेंरे पाँव काँपने लगे हैं। असमंजस में पड़ गया हूँ। वहीं बुत–सा खड़ा सब देख रहा हूं। इतनी भी हिम्मत नहीं जुटा पा रहा हूँ कि टीपू का हाथ पकड़कर उसे वहाँ से हटाऊँ। तभी टीपू मेरे पास लौटा है। उसकी आँखों में एक अजीब–सी चमक आ गयी है। उसने मेरी सहमति चाही है। मैं उसे समझाने की कोशिश करता हूँ। उसका हाथ पकड़कर आगे बढ़ना चाहता हूँ पर वह वहीं मेरा हाथ पकड़कर अड़ गया है। आज आयी मुसीबत! एक तो यह पहले ही होश में नहीं है। उस पर यह सब कुछ। मैं टीपू को प्यार से समझाता हूँ, पर टीपू कुछ सुनने को तैयार नहीं है। तभी टीपू ने मुझे अपनी बाँहों में भरा और मेरी मनुहार करने लगा है। वह कुछ कहना चाह रहा है, पर उसके मुँह से गों–गों की आवाज निकलने लगी है। यह आवाज मैंने उसके मुँह से पहले कभी नहीं सुनी थी। लड़की अभी भी वहीं खड़ी है और कनखियों से हमारी तरफ देख रही है। मैं लड़की की तरफ बढ़कर उससे ही टीपू की हालत पर तरस खाने के लिए कहना चाहता हूँ, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा पाता।
स्थितियाँ मेरी पहुँच से बाहर हो गई हैं। मैं कुछ भी करने में अपने को असमर्थ पा रहा हूँ। कहाँ तो हम सेलिब्रेट करने निकले थे और कहाँ टीपू यह सब नाटक करने लगा। सोलह–सत्रह वर्ष की उम्र और यह सब धंधे। मैंने हथियार डाल दिए हैं। लेकिन मैंने तय कर लिया है कि मैं इस सब में शरीक नहीं होऊँगा। टीपू ने टैक्सी रूकवायी है। लड़की आगे बैठी है। हम दोनों पीछे। मैंने कनखियों से लड़की की तरफ देखा है– बीस–बाइस साल की और पढ़ी लिखी लग रही है जो शायद गलत धंधे में आ गयी है। मैंने आँखें फिरा ली हैं। लड़की ने ही टैक्सी वाले को जगह बतायी। टीपू बहुत गंभीर है। उसकी मुट्ठियाँ तनी हुई हैं और वह कहीं नहीं देख रहा। हम दोनों ने एक बार भी आँखें नहीं मिलायी हैं। टैक्सी कहाँ जा रही है, मुझे कुछ पता नहीं। लगभग 10 मिनट बाद हम टैक्सी से उतरते हैं। टीपू अभी भी लड़खड़ा रहा है। लड़की एक पुरानी–सी इमारत की तीसरी मंजिल पर ले आयी है और डोर बेल दबाकर दरवाजा खुलने का इन्तजार करती है। लड़की को फिर कनखियों से देखता हूँ। यह लड़की कॉलगर्ल कतई नहीं लगती। मैं कल्पना करता हूँ – अगर यही लड़की मेरठ में होती और खुद को इस धंधे में नहीं डालती तो अच्छी–अच्छी लड़कियाँ इसके आगे पानी भरतीं। मैं जितना सोचता हूँ, उतना ही परेशान होता हूँ। मैं इस दलदल में कहाँ आ फँसा! किसी को पता चले कि मनीश बम्बई में कोठे पर गया था तो क्या सोचे! तभी एक बूढ़ी औरत ने दरवाजा खोला है। हमें देखते ही दरवाजा खुला छोड़कर भीतर चली गई है। साधारण–सा ड्राइंगरूम, लेकिन साफ–सुथरा। मेज पर कुछ पत्रिकाएँ। लड़की हमें वहीं बैठने को कह कर भीतर चली गई है।
थोड़ी देर में जब वह लौटती है तो वह गाउन पहने है। परदे के पीछे खड़े होकर उसने मुझे आमंत्रित किया है। यह आमंत्रण बिलकुल ठंडा है। मैं सकपका गया हूं। इसके लिए कतई तैयार नहीं हूँ। मैं सिर हिलाकर मना करता हूँ। कुछ कह ही न पाया। तभी टीपू मेरा हाथ पकड़कर पहले भीतर जाने के लिए मुझसे आग्रह करने लगा है। मैं मना करता हूँ। और टीपू को ही खड़ा करके भीतर भेज देता हूँ। उसके शरीर का तनाव कम हो गया है पर नशा अभी भी बरकरार है। दरवाजा बन्द कर दिया गया है और परदा फिर अपनी जगह आ गया है।
मेरा नशा उड़ चुका है। दिमाग शून्य हो गया है। मुझे कतई गुमान न था कि इतनी खुशनुमा शाम का अन्त इस तरह से होगा और एक सोलह–सत्रह साल का मासूम और अपाहिज लड़का मुझे इस तरह यहाँ ले आएगा।
मैंने सोफे की टेक से सिर लगा लिया है और आँखें बन्द कर ली हैं। तभी भीतर से टीपू की गों–गों की आवाज सुनाई देती है। मैं डर जाता हूँ। दिमाग सुन्न हो गया है। सारी चीजें गडमड हो रही हैं। टीपू, अंकल, रितु, उदिता, मृदुभा, भीतर वाली लड़की। सबके चेहरे तेजी से मानस पटल पर आ–जा रहे हैं। मुझे टीपू पर तरस आ रहा है। बेचारा इतनी कम उम्र में इन धंधों में फँस गया है। उधर रितु ड्रग्स के नशे में किसी और की बाँहों में झूल रही होगी। और यह लड़की – उसके बारे में सोचना चाहता हूँ, पर कहीं लिंक नहीं जुड़ता। उसे इस वातावरण से अलग किसी और वातावरण के फ्रेम में देखना चाहता हूँ पर उसका चेहरा बदल जाता है। उसकी जगह कोई और चेहरा ले लेता है। सिर बुरी तरह घूम रहा है। आँखें बन्द किए बैठा हूँ। कमरे में हल्की रोशनी है, पर आँखों में जलन हो रही है। कम से कम लड़की को तो यह देखना चाहिए था कि वह कैसे मासूम बच्चे को फँसाकर लाई है। तभी गों–गों की आवाज आनी बन्द हो गयी। मैंने फिर आँखें बन्द कर लीं। जितना सोचता हूँ, दिमाग उतना ही खराब होता है।
तभी खटके की आवाज से मेरी आँख खुली। वह लड़की दरवाजे में खड़ी है। निर्विकार सी। मैं डर गया – तो क्या वह फिर मुझे आमंत्रित करने आयी है पैसे ऐंठने के लिए। मैं कुछ हूँ, इसके पहले ही वह धम्म से सामने वाले सोफे पर बैठ गयी है – सॉरी सर, वह कुछ कहना चाहती है पर सिर झुका लेती हैं।
– क्यें क्या हुआ! मेरी जान हलक में आ गयी है।
– आपके दोस्त को किसी लड़की की नहीं, माँ की गोद की जरूरत थी। भीतर जाइए, वह सो रहा है। इतना कहते ही वह मुझसे नजरें चुराने लगती है।
मैं भीतर लपकता हूँ। टीपू सोया हुआ है और लड़की उसे कंधों तक चादर ओढ़ा गयी है। मैं कमरे की पीली रोशनी में उसका चेहरा नजदीक से देखता हूँ। उसके चेहरे पर तृप्ति का वही भाव है, जो माँ का दूध पीने के बाद शिशु के चेहरे पर होता है।
मेरी आँखों के सामने आँटी का तुनक भरा चेहरा आ जाता है।

Monday, February 25, 2008

दूसरी कहानी- दो जीवन - समान्तर

- हैलो, क्या मैं इस नम्बर पर दीप्ति जी से बात कर सकता हूं?
- हां, मैं मिसेज धवन ही बात कर रही हूं।
- लेकिन मुझे तो दीप्ति जी से बात करनी है।
- कहा न, मैं ही मिसेज दीप्ति धवन हूं। कहिये, क्या कर सकती हूं मैं आपके लिए?
- कैसी हो?
- मैं ठीक हूं, लेकिन आप कौन?
- पहचानो.. ..
- देखिये, मैं पहचान नहीं पा रही हूं। पहले आप अपना नाम बताइये और बताइये, क्या काम है मुझसे?
- काम है भी ओर नहीं भी
- देखिये, आप पहेलियां मत बुझाइये। अगर आप अपना नाम और काम नहीं बताते तो मैं फोन रखती हूं।
- यह ग़ज़ब मत करना डियर, मेरे पास रुपये का और सिक्का नहीं है।
- बहुत बेशरम हैं आप। आप को मालूम नहीं है, आप किससे बात कर रहे हैं।
- मालूम है तभी तो छूट ले रहा हूं, वरना दीप्ति के गुस्से को मुझसे बेहतर और कौन जानता है।
- मिस्टर, आप जो भी हें, बहुत बदतमीज हें। मैं फोन रख रही हूं।
- अगर मैं अपनी शराफत का परिचय दे दूं तो?
- तो मुंह से बोलिये तो सही। क्यों मेरा दिमाग खराब किये जा रहे हैं।
- यार, एक बार तो कोशिश कर देखो, शायद कोई भूला भटका अपना ही हो इस तरफ।
- मैं नहीं पहचान पा रही हूं आवाज़। आप ही बताइये।
- अच्छा, एक हिंट देता हूं, शायद बात बन जाये।
- बोलिये।
- आज से बीस बरस पहले 1979 की दिसम्बर की एक सर्द शाम देश की राजधानी दिल्ली में कनॉट प्लेस में रीगल के पास शाम छः बजे आपने किसी भले आदमी को मिलने का टाइम दिया था।
- ओह गॉड, तो ये आप हैं जनाब। आज.. अचानक.. इतने बरसों के बाद?
- जी हां, यह खाकसार आज भी बीस साल से वहीं खड़ा आपका इंतज़ार कर रहा है।
- बनो मत, पहले तो तुम मुझे ये बताओ, तुम्हें मेरा ये नम्बर कहां से मिला ? इस ऑफिस में यह मेरा चौथा ही दिन है औटर तुमने.. ..
- हो गये मैडम के सवाल शुरू। पहले तो तुम्हीं बताओ, तब वहां आयी क्यों नहीं थी, मैं पूरे ढाई घंटे इंतज़ार करता रहा था। हमने तय किया था, वह हमारी आखिरी मुलाकात होगी, इसके बावज़ूद .. ..।
- तुम्हारा बुद्धूपना ज़रा भी कम नहीं हुआ। अब मुझे इतने बरस बाद याद थोड़े ही है कि कब, कहां और क्यों नहीं आयी थी। ये बताओ, बोल कहां से रहे हो और कहां रहे इतने दिन।
- बाप रे, तुम दिनों की बात कर रही हो। जनाब, इस बात को बीस बरस बीत चुके हैं। पूरे सात हज़ार तीन सौ दिन से भी ज्यादा।
- होंगे। ये बताओ, कैसे हो, कहां हो, कितने हो?
- और ये भी पूछ लो क्यों हो।
- नहीं, यह नहीं पूछूंगी। मुझे पता है तुम्हारे होने की वज़ह तो तुम्हें खुद भी नहीं मालूम।
- बात करने का तुम्हारा तरीका ज़रा भी नहीं बदला।
- मैं क्या जानूं। ये बताओ इतने बरस बाद आज अचानक हमारी याद कैसे आ गयी? तुमने बताया नहीं, मेरा ये नम्बर कहां से लिया?
- ऐसा है दीप्ति, बेशक मैं तुम्हारे इस महानगर में कभी नहीं रहा। वैसे बीच बीच में आता रहा हूं, लेकिन मुझें लगातार तुम्हारे बारे में पता रहा। कहां हो, कैसी हो, कब कब औटर कहां कहां पोस्टिंग रही और कब कब प्रोमोशन हुए। बल्कि चाहो तो तुम्हारी सारी फॉरेन ट्रिप्स की भी फेहरिस्त सुना दूं। तुम्हारे दोनों बच्चों के नाम, कक्षाएं और हाबीज़ तक गिना दूं, बस, यही मत पूछना, केसे खबरें मिलती रहीं तुम्हारी।
- बाप रे, तुम तो युनिवर्सिटी में पढ़ाते थे। ये इंटैलिजेंस सर्विस कब से ज्वाइन कर ली? कब से चल रही थी हमारी ये जासूसी?
- ये जासूसी नहीं थी डीयर, महज अपनी एक ख़ास दोस्त की तरक्की की सीढ़ियों को और ऊपर जाते देखने की सहज जिज्ञासा थी। तुम्हारी हर तरक्की से मेरा सीना थोड़ा और चौड़ा हो जाता था, बल्कि आगे भी होता रहेगा।
- लेकिन कभी खोज खबर तो नहीं ली हमारी।
- हमेशा चाहता रहा। जब भी चाहा, रुकावटें तुम्हारी तरफ से ही रहीं। बल्कि मैं तो ज़िंदगी भर के लिए तुम्हारी सलामती का कान्ट्रैक्ट लेना चाहता था, तुम्हीं पीछे हट गयीं। तुम्हीं नहीं चाहती थीं कि तुम्हारी खोज खबर लूं, बल्कि टाइम दे कर भी नहीं आती थीं। कई साल पहले, शायद तुम्हारी पहली ही पोस्टिंग वाले ऑफिस में बधाई देने गया था तो डेढ घंटे तक रिसेप्शन पर बिठाये रखा था तुमने, फिर भी मिलने नहीं आयी थीं। मुझे ही पता है कितना खराब लगा था मुझे कि मैं अचानक तुम्हारे लिए इतना पराया हो गया कि .. .. तुम्हें आमने सामने मिल कर इतनी बड़ी सफलता की बधाई भी नहीं दे सकता।
- तुम सब कुछ तो जानते थे। मैं उन दिनों एक दम नर्वस ब्रेक डाउन की हालत तक जा पहुची थी। उन दिनों प्रोबेशन पर थी, एकदम नये माहौल, नयी जिम्मेवारियों से एडजस्ट कर पाने का संकट, घर के तनाव, उधर ससुराल वालों की अकड़ और ऊपर से तुम्हारी हालत, तुम्हारे पागल कर देने वाले बुलावे। मैं ही जानती हूं, मैंने शुरू के वे दो एक साल कैसे गुज़ारे थे। कितनी मुश्किल से खुद को संभाले रहती थी कि किसी भी मोर्चे पर कमज़ोर न पड़ जाऊं।
- मैं इन्हीं वज़हों से तुमसे मिलना चाहता रहा कि किसी तरह तुम्हारा हौसला बनाये रखूं । कुछ बेहतर राह सुझा सकूं और मज़े की बात कि तुम भी इन्हीं वज़हों से मिलने से कतराती रही। आखिर हम दो दोस्तों की तरह तो मिल ही सकते थे।
- तुम्हारे चाहने में ही कोई कमी रह गयी होगी ।
- रहने भी दो। उन दिनों हमारे कैलिबर का तुम्हें चाहने वाला शहर भर में नहीं था। यह बात उन दिनों तुम भी मानती थीं।
- और अब?
- अब भी इम्तहान ले लो। इतनी दूर से भी तुम्हारी पूरी खोज खबर रखते हैं। देख लो, बीस बरस बाद ही सही, मिलने आये हैं। फोन भी हमीं कर रहे हैं।
- लेकिन हो कहां ? मुझे तो तुम्हारी रत्ती भर भी खबर नहीं मिली कभी।
- खबरें चाहने से मिला करती हैं। वैसे मैं अब भी वहीं, उसी विभाग में वही सब कुछ पढ़ा रहा हूं जहां कभी तुम मेरे साथ पढ़ाया करती थी। कभी आना हुआ उस तरफ तुम्हारा?
- वेसे तो कई बार आयी लेकिन.. ..
- लेकिन हमेशा डरती रही, कहीं मुझसे आमना सामना न हो जाये,
- नहीं वो बात नहीं थी। दरअसल, मैं किस मुंह से तुम्हारे सामने आती। बाद में भी कई बार लगता रहा, काफी हद तक मैं खुद ही उन सारी स्थितियों की जिम्मेवार थी। उस वक्त थोड़ी हिम्मत दिखायी होती तो.. ..।
- तो क्या होता?
- होता क्या, मिस्टर धवन के बच्चों के पोतड़े धोने के बजाये तुम्हारे बच्चों के पोतड़े धोती।
- तो क्या ये सारी जद्दोजहद बच्चों के पोतड़े धुलवाने के लिए होती है।
- दुनिया भर की शादीशुदा औरतों का अनुभव तो यही कहता है।
- तुम्हारा खुद का अनुभव क्या कहता है?
- मैं दुनिया से बाहर तो नहीं ।
- विश्वास तो नहीं होता कि एक आइ ए एस अधिकारी को भी बच्चों के पोतड़े धोने पड़ते हैं।
- श्रीमान जी, आइ ए एस हो या आइ पी एस, जब औरत शादी करती है तो उसकी पहली भूमिका बीवी और मां की हो जाती है। उसे पहले यही भूमिकाएं अदा करनी ही होती हैं, तभी ऑफिस के लिए निकल पाती है। तुम्हीं बताओ, अगर तुम्हारे साथ पढ़ाती रहती, मेरा मतलब, वहां रहती या तुमसे रिश्ता बन पाता तो क्या इन कामों से मुझे कोई छूट मिल सकती थी।
- बिलकुल मैं तुमसे ऐसा कोई काम न कराता। बताओ, जब तुम मेरे कमरे में आती थी तो कॉफी कौन बनाता था?
- रहने भी दो। दो एक बार कॉफी बना कर क्या पिला दी, जैसे ज़िंदगी भर सुनाने के लिए एक किस्सा बना दिया।
- अच्‍छा एक बात बताओ, अभी भी तुम्हारा चश्मा नाक से बार बार सरकता है या टाइट करा लिया है।
- नहीं, मेरी नाक अभी भी वैसी ही है, चाहे जितने मंहगे चश्मे खरीदो, फिसलते ही हैं।
- पुरानी नकचड़ी जो ठहरी।
- बताऊं क्या?
- कसम ले लो, तुम्हारी नाक के नखरे तो जगजाहिर थे।
- लेकिन तुम्हारी नाक से तो कम ही। जब देखो, गंगा जमुना की अविरल धारा बहती ही रहती थी। वैसे तुम्हारे जुकाम का अब क्या हाल है?
- वैसा ही है।
- कुछ लेते क्यों नहीं।
- तुम्हें पता तो है, दवा लो तो जुकाम सात दिन में जाता है और दवा न लो तो एक हफ्ते में। ऐसे में दवा लेने का क्या मतलब।
- जनम जात कंजूस ठहरे तुम। जुकाम तुम्हारा होता था और रुमाल मेरे शहीद होते थे। लगता तो नहीं तुम्हारी कंजूसी में अब भी कोई कमी आयी होगी। तुमसे शादी की होती तो मुझे तो भूखा ही मार डालते।
- रहने भी दो। हमेशा मेरी प्लेट के समोसे भी खा जाया करती थी।
- बड़े आये समोसे खिलाने वाले। आर्डर खुद देते थे औटर पैसे मुझसे निकलवाते थे।
- अच्छा, बाइ द वे, क्या तुम्हारी मम्मी ने उस दिन मेरे वापिस आने के बाद वाकई ज़हर खा लिया था या यह सब एक नाटक था, तुम्हें ब्लैकमेल करने का। मुझसे तुम्हें दूर रखने का रामबाण उपाय?
- अब छोड़ो उन सारी बातों को। अब तो मम्मी ही नहीं रही हैं इस दुनिया में ।
- ओह सॉरी, मुझे पता नहीं था। और कौन कौन हैं घर में।
- तुम तो जासूसी करते रहे हो। पता ही होगा।
- नहीं, वो बात नहीं है। तुम्हारे ही श्रीमुख से सुनना चाहता हूं।
- बड़ी लड़की अनन्या का एमबीए का दूसरा साल है। उससे छोटा लड़का है दीपंकर। आइआइटी में इंजीनियरिंग कर रहा है।
- और मिस्टर धवन कहां हैं आजकल?
- आजकल वर्ल्ड बैंक में डेप्युटेशन पर हैं।
- खुश तो हो?
- बेकार सवाल है।
- क्यों?
- पहली बात तो, किसी भी शादीशुदा औरत से यह सवाल नहीं पूछा जाता चाहे वह आपके कितनी भी करीब क्यों न हो। और दूसरे, शादी के बीस साल बाद इस सवाल का वैसे भी कोई मतलब नहीं रह जाता। तब हम सुख दुख नहीं देखते। यही देखते हैं कि पति पत्नी ने इस बीच एक दूसरे की अच्छी बुरी आदतों के साथ कितना एडजस्ट करने की आदत डाल ली है। तुम अपनी कहो, क्या तुम्हारी कहानी इससे अलग है?
- कहने लायक है ही कहां मेरे पास कुछ।
- क्यों, सुना तो था, मेरी शादी के साल के भर बाद ही शहर के भीड़ भरे बाज़ारों से तुम्हारी भी बारात निकली थी और तुम एक चांद की प्यारी दुल्हन को ब्याह कर लाये थे। कैसी है वो तुम्हारी चद्रमुखी।
- अब कहां की चद्रमुखी और कैसी चद्रमुखी।
- क्या मतलब?
- मेरी शादी एक बहुत बड़ा हादसा थी। सिर्फ दो ढाई महीने चली।
- ऐसा क्या हो गया था?
- उसके शादी के पहले से अपने जीजाजी से अफेयर थे। उसकी शादी ही इसी सोच के तहत की गयी थी कि उसकी बहन का घर उजड़ने से बच जाये। लेकिन वह शादी के बाद भी छुप छुप कर कर उनसे मिलने उनके शहर जाती रही थी। मैंने भी उसे बहुत समझाया था, लेकिन सब बेकार। इधर उधर मैंने तलाक की अर्जी दी थी और उधर उसकी दीदी ने खुदकुशी की थी। दो परिवार एक ही दिन उजड़े थे।
- ओह, मुझे बिलकुल पता नहीं था कि तुम इतने भीषण हादसे से गुज़रे हो। कहां है वो आजकल।
- शुरू शुरू में तो सरेआम जीजा के घर जा बैठी थी। बाद में पता चला था, पागल वागल हो गयी थी। क्या तुम्हें सचमुच नहीं पता था?
- सच कह रही हूं। सिर्फ तुम्हारी शादी की ही खबर मिली थी। मुझे अच्छा लगा था कि तुम्हें मेरे बाद बहुत दिन तक अकेला नहीं रहना पड़ा था। लेकिन मुझे यह अहसास तक नहीं था कि तुम्हारे साथ यह हादसा भी हो चुका है। फिर घर नहीं बसाया? बच्चे वगैरह?
- मेरे हिस्से में दो ही हादसे लिखे थे। न प्रेम सफल होगा न विवाह। तीसरे हादसे की तो लकीरें ही नहीं हैं मेरे हाथ में।
- .. .. .. ..
- हैलो
- हुंम.. .. ..।
- चुप क्यों हो गयीं?
- कुछ सोच रही थी।
- क्या?
- यही कि कई बार हमें ऐसे गुनाहों की सज़ा क्यों मिलती है जो हमने किये ही नहीं होते। किसी एक की गलती या ज़िद से कितने परिवार टूट बिखर जाते हैं।
- जाने दो दीप्ति, अगर ये चीजें मेरे हिस्से में लिखी थीं तो मैं उनसे बच ही कैसे सकता था। खैर, ये बताओ तुमसे मुलाकात हो सकती है। यूं ही, थोड़ी देर के लिए। यूं समझो, तुम्हें अरसे बाद एक बार फिर पहले की तरह जी भर कर देखना चाहता हूं।
- नहीं.. ..
- क्यों ?
- नहीं, बस नहीं।
- दीप्ति, तुम्हें भी पता है, अब मैं न तो तुम्हारी ज़िंदगी में आ सकता हूं और न ही तुम मुझे ले कर किसी भी तरह का मोह या भरम ही पाल सकती हो। मेरे तो कोई भी भरम कभी थे ही नहीं। वैसे भी इन सारी चीज़ों से अरसा पहले बहुत ऊपर उठ चुका हूं ।
- शायद इसी वज़ह से मैं न मिलना चाहूं।
- क्या हम दो परिचितों की तरह एक कप काफी के लिए भी नहीं मिल सकते।
- नहीं।
- इसकी वज़ह जान सकता हूं।
- मुझे पता है और शायद तुम भी जानते हो, हम आज भी सिर्फ दो दोस्तों की तरह नहीं मिल पायेंगे। हो ही नहीं पायेगा। यह एक बार मिल कर सिर्फ एक कप कॉफी पीना ही नहीं होगा। मैं तुम्हें अच्छी तरह से जानती हूं। तुम बेशक अपने आप को संभाल ले जाओ, इतने बड़े हादसे से खुद को इतने बरसों से हुए ही हो। लेकिन मैं आज भी बहुत कमज़ोर पड़ जाउंगी। खुद को संभालना मेरे लिए हमेशा बहुत मुश्किल होता है।
- मैं तुम्हें कत्तई कमज़ोर नहीं पड़ने दूंगा।
- यही तो मैं नहीं चाहती कि मुझे खुद को संभालने के लिए तुम्हारे कंधे की ज़रूरत पड़े।
- अगर मैं बिना बताये सीधे ही तुम्हारे ऑफिस में चला आता तो?
- हमारे ऑफिस में पहले रिसेप्शन पर अपना नाम पता और आने का मकसद बताना पड़ता है। फिर हमसे पूछा जाता है कि मुलाकाती को अंदर आने देना है या नहीं।
- ठीक भी है। आप ठहरी इतने बड़े मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रुतबे वाली वरिष्ठ अधिकारी और मैं ठहरा एक फटीचर मास्टर। अब हर कोई ऐरा गैरा तो .. .।
- बस करो प्लीज। मुझे गलत मत समझो। इसमें कुछ भी ऑफिशियल नहीं है। ऐसा नहीं है कि मैंने इस बीच तुम्हें याद न किया हो या तुम्हें मिस न किया हो। बल्कि मेरी ज़िंदगी का एक बेहतरीन दौर तुम्हारे साथ ही गुज़रा है। ज़िंदगी के सबसे अर्थपूर्ण दिन तो शायद वही रहे थे। आइएएस की तैयारियों से लेकर नितांत अकेलेपन के पलों में मैंने हमेशा तुम्हें अपने आस पास पाया था। सच कहूं तो अब भी मैं तुमसे कहीं न कहीं जुड़ाव महसूस करती हूं, बेशक उसे कोई नाम न दे पाऊं या उसे फिर से जोड़ने, जीने की हिम्मत न जुटा पाऊं। संस्कार इज़ाजत नहीं देंगे। हैलो .. ... सुन रहे हो न?
- हां हां .. .. बोलती चलो।
- लेकिन अब इतने बरसों के बाद इस तरह मैं तुम्हारा सामना नहीं कर पाउंगी। मुझे समझने की कोशिश करो प्लीज़।
- ठीक है नहीं मिलते। आमने सामने न सही, तुम्हें दूर पास से देखने का तो हक है मुझे। मैं भी जरा देखूं, तुम्हारा चश्मा अब भी फिसलता क्यों है। पहले की तरह उसे ऊपर बेशक न कर पाऊं, कम से कम देख तो लूं । और हमारी दोस्त ज्वांइट सेक्रेटरी बनने के बाद कैसे लगती है, यह भी तो देखें।
- कम से कम सिर पर सींग तो नहीं होते उनके।
- देखने मैं क्या हर्ज़ है?
- जब मुझे सचमुच तुम्हारी ज़रूरत थी या तुम्हें कैसे भी करके मिलने आना चाहिये था तब तो तुमने कभी परवाह नहीं की और अब.. ..।
- इस बात को जाने दो कि मैं मिलने के लिए सचमुच सीरियस था या नहीं, सच तो यह है कि एक बार तुम्हारी शादी यह तय हो जाने के बाद तुमने खुद ही तो एक झटके से सारे संबंध काट लिये थे।
- झूठ मत बोलो, मैं शादी के बाद भी तुमसे मिलने आयी थी।
- हां, अपना मंगल सूत्र और शादी की चूड़ियां दिखाने कि अब मैं तुम्हारी दीप्ति नहीं मिसेज धवन हूं। किसी और की ब्याहता।
- मुझे गाली तो मत दो। तुम्हें सब कुछ पता तो था और तुमने सब कुछ ज्यों का त्यों स्वीकार कर भी कर लिया था जैसे मैं तुम्हारे लिए कुछ थी ही नहीं।
- स्वीकार न करता तो क्या करता। मेरे प्रस्ताव के जवाब में तुम्हारी मम्मी का ज़हर खाने का वो नाटक और तुम्हारा एकदम सरंडर कर देना, मेरा तो क्या, किसी का भी दिल पिघला देता ।
- तुम एक बार तो अपनी मर्दानगी दिखाते। मैं भी कह सकती कि मेरा चयन गलत नहीं है।
- क्या फिल्मी स्टाइल में तुम्हारा अपहरण करता या मजनूं की तरह तुम्हारी चौखट पर सिर पटक पटक कर जान दे देता।
- अब तुम ये गड़े मुरदे कहां से खोदने लग गये। क्या बीस बरस बात यही सब याद दिलाने के लिए फोन किया है।
- मेरी ऐसी कोई इच्छा नहीं थी। तुम्हीं ने.. ..।
- तुम कोई और बात भी तो कर सकते हो।
- करने को तो इतनी बातें हैं, बीस बरस पहले की, बीस बरस के दौरान की और अब की लेकिन कितना अच्छा लगता, आमने सामने बैठ कर बात कर सकते। लेकिन मैं उसके लिए तुम्हें मज़बूर नहीं करूंगा।
- ज़िद मत करो। अब मैं सिर्फ़ तुम्हारी दीप्ति ही तो नहीं हूं। सारी बातें .. देखनी.. ..
- तो फिर ठीक है। सी यू सून। रखता हूं फोन।
- मिलने के ख्वाब तो छोड़ ही दो श्रीमान। एनी वे, सो नाइस ऑफ यू फार कॉलिंग ऑफ्टर सच एं लाँग पीरियड। इट वाज ए प्लीजेंट सरप्राइज़। तुमसे बातें करते करते वक्त का पता ही नहीं चला। मुझे अभी एक अर्जेंट मीटिंग में जाना है। उसके पेपर्स भी देखने हैं। लेकिन तुम तो कह रहे थे, एक रुपये का और सिक्का नहीं है तुम्हारे पास। पिछले बीस मिनट से तुम पीसीओ से तो बात नहीं कर रहे। वैसे बोल कहां से रहे हो।
- उसे जाने दो। वैसे मुझे भी एक अर्जेंट मीटिंग के लिए निकलना है।
- तो क्या किसी मीटिंग के सिलसिले में आये हो यहां?
- हां, आया तो उसी के लिए था। सोचा इस बहाने तुमसे भी . ..।
- कहां है तुम्हारी मीटिंग?
- ठीक उसी जगह जहां तुम्हारी मीटिंग है।
- क्या मतलब?
- मतलब साफ है डीयर, तुम्हारे ही विभाग ने हमारी युनिवर्सिटी के नॉन कॉनवेन्शनल एनर्जी रिसोर्सेज के प्रोजैक्ट पर बात करने के लिए हमारी टीम को बुलवाया है। इसमें महत्वपूर्ण खबर सिर्फ इतनी ही है कि यह प्रोजैक्ट मेरे ही अधीन चल रहा है। यह तो यहीं आकर पता चला कि अब तुम ही इस केस को डील करोगी और.. .. .. ।
- ओह गॉड। आइ जस्ट कांट बिलीव। अब क्या होगा। तुमने पहले क्यों नहीं बताया। इतनी देर से मुझे बुद्धू बना रहे थे और.. ..।
- रिलैक्स डीयर, रिलैक्स। तुम्हें बिलकुल भी परेशान होने की ज़रूरत नहीं है। मैं वहां यही जतलाउंगा, तुमसे ज़िंदगी में पहली और आखिरी बार मिल रहा हूं। बस, एक ही बात का ख्याल रखना, अपना चश्मा टाइट करके ही मीटिंग में आना।
- यू चीट.. ..।

Monday, February 18, 2008

यह जादू नहीं टूटना चाहिए

अभी केबिन में आकर बैठा ही हूं कि मेरे निजी फोन की घंटी बजी। इस नम्बर पर कौन हो सकता है। मैंने हैरान होते हुए सोचा, क्योंकि अव्वल तो यह नम्बर डायरेक्टरी में ही नहीं है, दूसरे बहुत कम लोगों को यह नम्बर मालूम है। चोगा उठाया।
"हैलो, इज इट डबल टू डबल सिक्स जीरो फाइव सिक्स ?"
लगा, कानों में किसी ने मिश्री-सी घोल दी हो। बेहद मीठी आवाज, "आयम सॉरी मैडम, रांग नम्बर।" मिश्री की सप्लाई बन्द हो गई।
कुछ ही क्षणों में फिर वही फोन! वही मिठास। वही चाशनी घुली कानों में। एक बार फिर मैंने खनकाया अपनी आवाज को, और सॉरी कहकर निराश किया उसे!
तीसरी बार ! चौथी बार !! पाँचवीं बार !!!
अब मुझे भी खीझ होने लगी है, लेकिन उस आवाज़ का ऐसा जादू है कि बार-बार टूटने के बाद और सॉरी शब्द सुनने के बावजूद सुनना भला लग रहा है। छठी बार उस आवाज़ में मुझसे ज्यादा खीझ और रुआँसापन झलकने लगा है। लगा, फोन पर अभी रोने की आवाज़ ही आएगी उस कोकिलकंठी की।
उबारा मैंने, "एक काम कीजिए, आपको जो भी मैसेज इस नम्बर पर देना है, मुझे दे दीजिए। मैं पास ऑन कर दूँगा या फिर आप अपना नम्बर मुझे दे दीजिए। मैं पार्टी को कह देता हूँ, आपको फोन कर देने के लिए।"
"ओह, सो नाइस ऑफ यू। क्या करूं, बार-बार आप ही का नम्बर मिल जाता है। प्लीज, आप ही ज़रा इस नम्बर पर सिस्टर नवल से कह दीजिए कि वे बांद्रा फोन कर लें। बाय द' वे आप किस नम्बर से बोल रहे हैं?"
आवाज में वही खुमारी लौट आई है। मैं अनजाने ही अपने प्राइवेट फोन का नम्बर बोल गया। थोड़ी देर सन्नाटा छाया रहा।
फिर पूछा गया, "करेंगे न यह कष्ट?"
"ओह, श्योर।" मैंने आश्वस्त किया।
फोन डिस्कनेक्ट होते ही मैंने आपरेटर से, दिए गए नम्बर पर मैसेज दे देने के लिए कह दिया। थोड़ी ही देर में आपरेटर ने कन्फर्म कर दिया - मैसेज दे दिया है।
हालाँकि वह सुरीली आवाज काफी देर तक कानों में गूँजती रही, लेकिन काम, व्यस्तता और केबिन में आने-जाने वालों की गहमा-गहमी में फोन की बात जल्दी ही दिमाग से उतर गई।
तभी सेक्रेटरी ने इन्टरकॉम पर बताया, "ग्यारह बजे के अपाइन्टमेंट वाली पार्टी आई हुई है।"
उन्हें अन्दर भेजने के लिए कहा ही है कि वही मिश्रीवाला फोन बजा। मुस्कुराया मैं, अब शायद रांग नम्बर न कहना पड़े। वही है। मेरी आवाज सुनते ही बोली, "आपका बहुत-बहुत शुक्रिया। मैं कब से परेशान हो रही थी। आपने बात करा दी।" शायद वह कुछ और कहना चाहती है। शायद मैं भी कुछ और सुनना चाहता हूँ। लेकिन विजिटर आकर बैठ चुके है। मैं उस कर्णप्रिया से कहता हूँ, "इस समय थोड़ा व्यस्त हूँ, क्या आप मुझे बाद में फोन कर लेंगी, यही कोई तीन-चार बजे।"
"नेवर माइंड" के साथ ही लाइन कट गई है।
अच्छा नहीं लगा, लेकिन स्थिति ही कुछ ऐसी है।
सवा तीन बजे। वही फोन। मैं सिगार के कश लेता हुआ केबिन की हवा को बोझिल बना रहा हूँ।
"हाँ, कहिए, उस समय क्या कहना चाह रही थीं आप ?"
"कुछ नहीं, सिर्फ एक अच्छे आदमी को धन्यवाद देना चाह रही थी।" वह सचमुच बहुत मीठा बोलती है। इसका नाम तो मृदृभा होना चाहिए, सोचता हूँ मैं।
"अच्छा आदमी। हम अच्छे आदमी कब से हो गए!" मैं अनजान बन जाता हूँ। उसकी सूरत की कल्पना करता हूँ।
"आपने मेरे लिए इतना कष्ट किया। मैंने इतनी बार आपको बिना वजह डिस्टर्ब किया, लेकिन आप जरा भी नाराज नहीं हुए। कई लोग तो दूसरी बार भी वही नम्बर मिलने पर चिल्लाने लगते हैं, जैसे फोन पर ही हाथा-पाई शुरू कर देंगे।"
इतनी उजली आवाज को देर तक सुनना अच्छा लगता रहा, वह भी अपनी तारीफ में। बात जारी रखने में कोई हर्ज नहीं लगा।
"इसमें शुक्रिया की क्या बात ! अगर आप मेरी जगह होतीं तो आप भी तो यही करतीं न!" आवाज से तो लगता है, तीस-बत्तीस की होगी।
"हाँ, करती तो मैं भी यही। इसीलिए तो आपको फोन किया। "
"अच्छा लगा। एक बात कहूँ, आप बुरा तो नहीं मानेंगी?" मुझसे कहे बिना रहा नहीं गया।
"बुरा मानने लायक सम्बन्ध भी जोड़ लिया आपने, भई वाह!"
वह खिलखिलाई। लगा, सच्चे मोतियों की माला का धागा टूट गया हो और सारे मोती साफ-सुथरे फर्श पर प्यारी-सी आवाज करते बिखर गए हों।
"आपकी आवाज में गजब की मिठास है।" फाइलें निपटाते-निपटाते मैंने कहा। सोचा, कहीं जानती तो नहीं मुझे, यूँ ही गलत नम्बर का बहाना बनाकर मुझे ही फोन कर रही हो और अब?
"तो यूँ कहिए न, मेरी आवाज फिर सुनने की इच्छा रखते हैं," उसने तरेरा।
"अरे नहीं," मेरा मतलब यह कतई नहीं था," मैं सकपकाया, "सचमुच तारीफ करने लायक है आपकी आवाज।" मैंने मन की बात कह ही दी। चाहने तो मैं भी लगा हूँ, यह आवाज सुनता रहूँ।
"अच्छी बात है। माने लेते हैं। थैंक्स वन्स अगेन।" संगीत की लहरियाँ बज उठीं। देर तक चोगा हाथ में पकड़े सोचता रह गया। अरसे बाद कुछ गुनगुनाने का मन हुआ। लेकिन फोन अभी डिस्कनेक्ट नहीं किया गया था।
मैंने ही सिलसिला आगे बढ़ाया, "जान सकता हूँ, किससे बातें कर रहा हूँ?"
"नहीं," ओस की एक बूँद झप से झरी शांत जल में।
"कोई काम करने के पीछे तो वजह हो सकती है, न करने के पीछे कैसी वजह?"
आवाज में शरारत है। लगा, फुर्सत में है और मुझे भी फुर्सत में मानकर चल रही है। कई काम मेरा इन्तजार कर रहे हैं। दूसरे फोन घनघना रहे हैं। मैं इसी फोन को थामे बैठा हूँ।
"क्या सोच रहे हैं आप, यह तो पीछे ही पड़ गई है। लीजिए बन्द कर रही हूँ।"
और उसने फोन रख दिया।
बहुत अरसे बाद, बरसों बाद किसी ने, वह भी अपरिचित ने सहज और कहीं से जोड़ती-सी बात की है। सारा दिन यस सर, यस सर सुनने के आदी कान यह सब कुछ का भूल चुके हैं। सम्बोधन से परे भी बात की जा सकती है, यह आज ही महसूस हो रहा है। आवाज का रिश्ता! अच्छा लगा। फिर से कल्पना करने लगा, कौन होगी, कैसी होगी! किस उम्र की होगी, क्या करती होगी। अपनी इस फालतू की उत्सुकता पर हँसी भी आई और मज़ा भी। जमे रहो श्रीमान सोमेद्रनाथ! प्रतीक्षा करो!! फिर आवाज देगी वह!!!
अगले तीन दिन उस आवाज ने दस्तक नहीं दी। हो सकता है, दी भी हो और मैं मीटिंग वगैरह में बाहर गया होऊँ। बहरहाल इस ओर ज्यादा सोचने की फुर्सत भी नहीं मिली। खुद से ही पूछता हूँ - क्यों इन्तज़ार कर रहा हूँ उसके फोन का। मुझे उसकी आव़ाज ने बाँध लिया है, जरूरी थोड़े ही है उसे भी मेरी आवाज, बातचीत अच्छी लगी हो। जैसे उसे और कोई काम ही न हो, एक अनजान आदमी से बात करने के सिवा। हमारा परिचय ही कहाँ है? एक दूसरे का नाम भी नहीं जानते, देखा तक नहीं है। सिर्फ आवाज का पुल ! कई तरह के तर्क देकर उसके ख्याल को भुलाने की कोशिश करता हूँ, फिर भी हल्की-सी उम्मीद जगाए रहता हूँ। वह फिर फोन करेगी।
चौथे दिन सुबह ही वह फोन बजा। मेरी साँस एकदम तेज हो गई। फोन तो वह पिछले चार दिन से बीच-बीच में बजता ही रहा है। उठाया भी हर बार मैंने ही है। बीच में दो-एक बार उसकी आवाज़ की उम्मीद भी की है। लेकिन हर बार बिजनेस कॉल ही आए हैं। अब लग रहा है, वह होगी। थोड़ी देर बजने दिया। फिर आवाज को बेहद सन्तुलित करते हुए `हैलो' कहा।
"कैसे पता चला, मैं बोल रहा हूँ?" पूछ बैठा।
"अगर आप सिर्फ `हूँ' ही कहते, तब भी मुझे पता चल जाता।" उसकी आवाज में निश्चिंतता है।
"आवाज़ों की बहुत पहचान है आपको?" मैंने परखा।
"आवाज़ों की नहीं, आपकी आवाज़ की हो गयी है।" वह आश्वस्त है।
"कैसे?" मैंने कुरेदा।
"वायस ऑफ ए नाइस मैन हूँ?" पूछना तो यह चाहता हूँ, चार दिन कहाँ रही, लेकिन बात को आगे बढ़ते देख सब्र किए हूँ।
"कोई जरूरी है, हर बात के लिए सर्टिफिकेट दिया जाए?" उसने निरुत्तर कर दिया। उसका फोन नंबर पूछने की इच्छा हो रही है, लेकिन फिर कोई भारी बात कह दी तो?
"मैंने परसों भी फोन किया था। किसी ने उठाया नहीं।"
ओह तो यह बात है, मैंने अपनी खुशी दबायी।
"हाँ, शायद मैं कहीं बाहर गया होऊँगा, सेल्स के सिलसिले में।" मैंने एक जवान-सा झूठ बोला।
"क्या बेचते हैं आप? कछुआ छाप मच्छर अगरबत्ती?" हँसी का तेज फव्वारा भीतर तक भिगो गया।
"अरे नहीं, दरअसल" मैं हकलाया, "मैं सेल्स इंजीनियर हूँ। एक कम्प्यूटर कंपनी में।" मैंने पहले वाले झूठ को कपड़े पहनाए। शुक्र है, ऐसी लाइन बतायी, जिसकी मुझे अच्छी जानकारी है, वरना...कहीं फिर घेर ले, क्या पता।
"अच्छा! बिका कोई कंप्यूटर उस दिन?" उसने मेरे झूठ के गिरेबान में झाँका।
"हाँ, कहा तो है, देखें कब तक लेते हैं।" मैंने झूठ को सहलाया।
"जब बिक जाए तो एक कॉफी हमें भी पिला देना मिस्टर सेल्स इंजीनियर।" आवाज में कहीं बनावट नहीं है।
मैं हड़बड़ाया, `श्योर, श्योर, कहाँ? कब? किसे?"
"वह हम खुद बता देंगे, ओ. के.?"
ओ.के. में विदा लेने की इजाज़त कम और सूचना अधिक है।
कमरे में मेरा मैं लौट आया। सोमेद्र नाथ, उद्योगपति। एक लंबी साँस ली मैंने और हौले से चोगा रख दिया। दिल के किसी कोने ने उपहास उड़ाया - क्या सूझ रहा है आपको श्रीमान् सोमेद्र नाथ, इस उम्र में ये हरकतें!

आजकल मैं खुद में बहुत परिवर्तन देख रहा हूँ। हर काम स्मार्टली करने लगा हूँ। गाहे-बगाहे होंठ खुद-ब-खुद सीटी बजाने की मुद्रा में गोल हो जाते हैं। कई बार इस वजह से शर्मिंदगी उठानी पड़ी है। मेरी पर्सनैलिटी और कपड़ों की पसंद की लोग तारीफ करते ही रहते हैं, फिर भी आजकल इस तरफ कुछ ज्यादा ही ध्यान देने लगा हूँ, मेरे बाल सफेद और काले के बहुत बढ़िया अनुपात में है। सुरमई झलक लिए। चाहने लगा हूँ, काश, ये काले ही होते, जैसे तीस-बत्तीस साल की उम्र में थे।
उस कहे गए झूठ को मैं खुद भी पूरी तरह से ओढ़ने लगा हूँ। युवा, स्मार्ट और सेल्स इंजीनियर जो बन गया हूँ। खुद को झूठी तसल्ली भी देने लगा हूँ, मैं कुछ गलत थोड़े ही कर रहा हूँ। फोन तो वही करती है। मैं तो सिर्फ...दिल का वही कोना ताना मारता है...फिर यह युवा बनने का नाटक क्यों? साफ-साफ क्यों नहीं कह देते - बहुत व्यस्त आदमी हूँ, मेरे पास इन चोंचलों के लिए फुर्सत नहीं है, लेकिन इसके लिए भी जवाब खोज लेता हूँ - वह पूछने-बताने का मौका ही कहाँ देती है!
"आप कॉफी की हकदार हो गयी हैं मिस - " मैंने जानबूझकर वाक्य अधूरा छोड़ दिया। उसने अगले दिन जब फोन किया।
"पी लेंगे। क्या जल्दी है मिस्टर सेल्स इंजीनियर।" उसने नहले पर दहला मारा। लगा मेरा मजाक उड़ा रही है।
"देखिए," मैंने नाराज होने का नाटक किया, "मेरा नाम सेल्स इंजीनियर नहीं है, मेरा नाम..
"ओह! अच्छा तो आपका कोई नाम भी है!" वह पूरी तरह शरारत पर उतर आयी है। "हम समझे....."
"इतनी भोली मत बनिए, मेरा नाम..."
"जान लेंगे नाम भी...काहे की जल्दी है," उसने जल्दी से मुझे टोका। मैं हैरान हुआ, अजीब लड़की है, जो न अपना नाम बताती है, न मेरा नाम जानने की इच्छा है, फिर भी फोन करती रहती है।
"और सुनाइए, क्या हाल हैं?" उसने मुझे अधीर करते हुए पूछा।
"अपने बारे में कुछ बताइए ना।" मैं सीधा बेशरमी पर उतर गया।
"क्या जानना चाहते हैं आप ?" लगा हथियार डाल देगी आज।
"कुछ भी, जो बताना चाहें।" मैं उदार हो गया।
"नाम-नाम में क्या रखा हैं। उम्र-महिलाओं से उम्र नहीं पूछी जाती। वजन-बहत्तर किलो, कद-पाँच फुट नौ इंच। फोन नंबर- उसकी आपको क्या जरूरत। चाहो तो सारा दिन फोन लगाए रखूँ आपका। और कुछ पूछना है?" उसने शातिर खिलाड़ी की तरह पत्ते दिखाए।
"नहीं, इतना ही काफी है। शुक्रिया।" मैंने हार मान ली।
फोन रखने के लिए इस बार मैंने पूछा। मुझे नहीं रखनी ऐसी फोनो-प्रफेंड जो हर बार खुलने के नाम पर रहस्य का एक और आवरण ओढ़ ले। तय कर लिया अब बात ही नहीं करूँगा।
लेकिन मेरी नाराजगी ज्यादा देर नहीं चली। मना ही लिया उस मिठबोलन ने। अब फोन भी ज्यादा आने लगे हैं और देर तक चलने लगे हैं। मेरी भी अधीरता अब बढ़ने लगी है। अब छेड़ती नहीं। तंग नहीं करती अपनी उलटबासियों से। उसने अपना तो सिर्फ नाम बताया है - अणिमा, लेकिन मेरा इतिहास, भूगोल, अर्थशास्‍त्र और समाजशास्‍त्र् सब कुछ उगलवा लिया है। अब मेरा झूठा काफी सयाना हो गया है और खुद बढ़-चढ़कर अपनी बातें बताने लगा है। बत्तीस वर्षीय सोम जिसे 4000 रुपये वेतन मिलता है। एक सरदारनी के यहाँ पेइंग गैस्ट रहता है। सरदारनी काफी ख्याल रखती है। माँ-बाप दूर एक कस्बे में रहते हैं और हर महीने मनीआर्डर का इंतजार करते हैं। दिन का तो चल जाता है, शामें बहुत बोर गुजरती हैं। होटल का खाना भी नहीं जमता रोज-रोज। बंबई में तीन साल में एक भी गर्लप्रेंफेंड नहीं बन पायी अभी तक। ये और इसी तरह के बीसियों, खूबसूरत झूठ बोले मैंने।
ये सारी बातें मैंने उसे क्यों बतायीं और कब-कब बतायीं, मुझे नहीं पता। मुझे तो इतना याद रहता है कि उसकी आवाज सुनते ही मैं दूसरा इन्सान बन जाता हूँ। वह पूछती रहती है, कुरेदती रहती है और मैं चाबी भरे बबुए की तरह झूठ की किताब बन जाता हूँ। मैंने एक बार भी समझने की कोशिश नहीं की है कि मैं यह सब क्यों कर रहा हूँ। क्यों झूठ का इतना बड़ा पहाड़ खड़ा कर रहा हूँ, जिसके आगे मेरे सारे सच बौने होते चले जा रहे हैं।
अब मेरा बहुत-सा वक्त इसी आवाज की सोहबत में गुजरने लगा है। मेरे ऑफिस का स्टाफ, भी मेरे बदले हुए व्यवहार से हैरान-परेशान है। उनका यह खब्ती "सर' अब बहुत उदार हो गया है। पूरी बात सुने बिना हाँ कर देता है या जहाँ कहो, `साइन' कर देता है। मैं तो सिर्फ इतना जानता हूँ कि बरसों बाद मैं सिर्फ अपने लिए जी रहा हूँ। उसके लिए मुझे कुछ भी नहीं देना पड़ रहा है। जिन्दगी भर कारोबार करते-करते थक गया था। अब सिर्फ पा रहा हूँ। मुझे तो यह भी नहीं पता कि जो मुझे यह सब कुछ दे रही है, कौन है, किस उम्र, तबके या स्तर की है, कभी रू ब रू मिलेगी भी या नहीं, या जब मेरे झूठ का यह ढाँचा भरभरा कर गिरेगा तो क्या होगा। उस अंजाम के बारे में मैं सोचना भी नहीं चाहता। जानता हूँ, उसे धोखा देने का दोषी हूँ, पर वह भी तो दो महीने से मुझे उलझाए हुए है। हाँ, एक अच्छी बात है, वह अपने कारणों से अपने बारे में नहीं बताती या मिलने को उत्सुक नहीं और मैं अपने कारणों से, झूठ की वजह से मिलने को लालायित नहीं। वैसे भी झूठ का कवच अब मेरा ही दम घोटेगा। हमें तो यह भी नहीं पता कि हम एक दूसरे की जिंदगी में कहाँ फिट होते हैं, या होते भी हैं या नहीं। बस इतना ही सच है कि वह हर रोज पहले से ज्यादा आत्मीय और जरूरी होती चली जा रही है। दिन के हर पल के लिए जरूरी। अब ऑफिस में देर तक बैठना या जल्दी पहुँचकर उसके फोन का इंतजार करता ही काफी नहीं लगता। अपना नंबर न उसने दिया है, न मैंने माँगा ही है।
उससे बातें करते-करते पता ही न चला कब आठ बज गए। ड्राइवर चपरासी, लिफ्टमैन, सेक्रेटरी सब लोग मेरे जाने का इंतजार कर रहे हैं। सबको इनाम देकर रवाना किया। बिल्डिंग से नीचे उतरा तो पूरा बैलार्ड पीयर हल्की-हल्की बूँदा-बाँदी में नहाया बहुत हसीन लग रहा है। उफ! कितना अच्छा दृश्य, कितना अच्छा मौसम। कई बार इस वक्त या इससे भी देर से ऑफिस से निकलता हूँ, लेकिन आज तक इस तरफ ध्यान ही नहीं दिया है। ड्राइवर को भी विदा कर दिया है। हल्की-हल्की बूदा-बाँदी में भीगते चलना अच्छा लग रहा है। मूड उससे बातें करके वैसे ही अच्छा है, मन गुनगुनाने का हो रहा है। शहर का यह हिस्सा इस वक्त सुनसान हो जाता है, लेकिन सड़कों पर जितने भी लोग हैं, सब मुझे अपनी तरह खुश लग रहे हैं।
आज बहुत चला हूँ। बरसों बाद। यूँ ही। निरुद्देश्य। पुराने दिनों को, पुराने साथियों को याद करते हुए। चलते चलते ग्रांट रोड तक आ पहुंचा हूं। सामने एक ढाबा नुमा होटल देख भूख चमक आयी है। आज ढाबे में ही खाया जाए। कहीं पढ़ा था, अच्छी जगह खाना हो तो फाइव स्टार होटल, अच्छे लोगों में खाना हो तो थ्री स्टार या कोई भी एयरकंडीशंड होटल और अच्छा खाना खाना हो तो ढाबे से बढ़िया कोई जगह नहीं होती। आज अच्छा खाना सही। खाना खाकर मजा आ गया। मन-ही-मन कहीं संकोच भी या कोई पहचान वाला या कर्मचारी ही न देख ले। आशंका निर्मूल रही।
ऑफिस में बात कर लेना अब काफी नहीं लगता, काम का हर्जा तो फिर भी सह लूँ, खुद को इस तरह सारे दिन फोन पर व्यस्त रखकर खुद को स्टाफ की निगाहों में और नहीं लाया जा सकता। इसीलिए मैंने उसे बताया है कि मेरी मकान मालकिन 6 महीने के लिए अपने बेटे के पास लंदन जा रही है, इसलिए वह अपना फोन मेरे पास देकर जा रही है। इस बहाने मैंने अणिमा से घर पर बात करने का सिलसिला ढूँढ लिया है। उसे बेडरूम का पर्सनल नंबर दे दिया है, जिसे मेरे अलावा कोई नहीं उठाता। पाँच साल पहले पत्नी की मृत्यु के बाद से पूरी को कोठी में वैसी भी मेरे और नौकरों के अलावा कोई नहीं रहता। बेटे जब मेरे पास रहने आते हैं, तो अपने-अपने कमरों में ही रहते हैं। वैसे भी विदेशों से रोज-रोज कहाँ आ पाते हैं। उनके अपने धंधे हैं वहाँ पर।
घर पर फोन आने शुरू होने से मेरी जिंदगी ही बदल गयी है। अब मेरी शामें यूँ ही बिजनेस पार्टियों में सर्फ नहीं होती, जहाँ कहा गया एक-एक शब्द किसी लेन-देन की भूमिका होता है। अब मैं पूरे एकांत में, तसल्ली से उससे बतियाता रहता हूँ। हम दोनों की सुबह एक साथ होती है। नौकर के बैड-टी लाने से पहले उसकी गुड मार्निंग पहुँच जाती है।
अब बैड-रूम में अधलेटे कुछ पढ़ते हुए उसके फोन का इंतजार करना और फिर उससे बात करना बहुत भला लगता है। मैंने उसे ऑफिस में फोन करने से अब मना कर दिया है। इससे एक बात तो तय हो गयी है, वह टेलीफोन आपरेटर नहीं है। उसके खुद के कमरे में टेलीफोन है और उसे कोई ज्यादा डिस्टर्ब नही करता। कई बार लाइन बीच में छोड़कर गायब हो जाती है काफी देर के लिए। कई बार उसके घर-बार की कल्पना करता हूँ। हो सकता है किसी खाते-पीते घर की लड़की हो, जो शादी का इंतजार कर रही हो, लेकिन उस उम्र की लड़कियों के तो अजीब-अजीब शौक होते हैं, मसलन घूमना, फिरना, बॉय प्रें€ड्स वगैरह। वह तो ऐसी नहीं लगती। यह भी हो सकता है, टूर पर रहनेवाले या बिजी रहनेवाले किसी बड़े अफसर या मेरी तरह के उद्योगपति की बीवी हो, जिसने वक्त गुजारने का जरिया ढूँढ लिया हो। इसीलिए शायद फोन नंबर नहीं बताती। लेकिन वह जिंदगी से ऊबी हुई तो नहीं लगती। बातचीत से तो यही लगता है, जिंदगी जीनेवाली, मैच्योर और सॉफिस्टेटेड लेडी है।
एक दिन पूछा था उससे, "क्यों फोन करती हो रोज मुझे?"
`ठीक है, नहीं करेंगे।" वह गंभीर हो गयी।
"अरे नहीं, यह गजब मत करना, वरना ....." मैं घिर गया था।
"वरना क्या..." वह वैसी ही सीरियस थी।
"अणिमा, शायद मैं कह नहीं पाऊँगा, लेकिन जिंदगी में मुझे इतना अपनापन किसी ने नहीं दिया है।" यह मैंने सोमेद्रनाथ का सच बोला।
"तुम्हारा वहम है, आवाज के रिश्ते से भला कैसे अपनापन दे दिया मैंने। तुम मुझे जानते नहीं, मैं तुम्हें जानती नहीं।"
मैंने उसे बात पूरी नहीं करने दी, तुंत कहा, "अणिमा, मुझे इससे अधिक कुछ नहीं चाहिए। जितना दे रही हो, वही देती रहो बस।" मैं हाँफ गया था।
"ठीक है, सोचेंगे।" खुद पर गुस्सा भी आया, क्यों बनता जा रहा हूँ इतना कमजोर मैं। `धिक्कार है तुम पर' मन के कसी कोने ने टहोका मारा, `एक आवाज के पीछे क्या जान दोगे?"
मैं सिर थाम लेता हूँ।

उस दिन इतवार था। कहीं जाना था मुझे। तैयार हो रहा था कि बहुत पुराने दिनों की बातें याद आने लगीं। माता-पिता, भाई, इकलौती बहन, बड़ा हवेलीनुमा घर। नौकर-चाकरों की फौज, मोटर गाड़ियों में घूमना। लंबे-चौड़े कारोबार के बीच पिता से हमारी मुलाकातें हो ही नहीं पाती थीं, लेकिन जब भी वे हमारे लिए वक्त निकालते, हमारे लिए सबसे खुशी का दिन होता - उस दिन पढ़ाई से छुट्टी रहती।
पढ़ाई से उसकी याद आई। अपने पहले प्यार की। पहली बार प्यार मैंने अपनी ट्यूटर से किया था, अब सोचकर भी हँसी आती है। पता नहीं वो प्यार था भी या नहीं। मैं नवीं में था और वह बी.एस.सी. कर रही थी। शायद छवि नाम था उसका। बहुत अच्छी लगती थी मुझे। गहरा सँवलाया रंग। वह पढ़ाती रहती और मैं एकटक उसका चेहरा निहारता रहता। एक बार उसे जबरदस्ती चूम लिया था मैंने। उसका चेहरा एकदम फक पड़ गया था, बिना कुछ कहे तेजी से चली गयी। अगले तीन-चार दिन तक पढ़ाने नहीं आयी। मुझे बहुत ग्लानि हुई थी, लेकिन कह नहीं पाया था। वह फिर से आने लगी थी। निश्चय ही पैसों की जरूरत उसे वापिस ले आयी थी। मैं फिर शरीफ तो हो गया था, लेकिन उससे आँखें मिलाकर माफी नहीं माँग पाया था। किसी तरह चुप चुप पढ़ पढ़ा कर सेशन पूरा किया था हमने। फिर कई आयीं जिंदगी में। कोई हिसाब नहीं। कुछ अच्छी भी लगी होंगी तब, लेकिन अब पचास पार कर जाने पर वह सब कुछ बचकाना लगता है।

तैयार होकर निकलने ही वाला था कि फोन की घंटी बजी। कोयल कूकी। मैं बतियाने बैठ गया। बताने लगी -रातभर सो नहीं पायी है। कारण बताया, "रात स्वदेश दीपक का उपन्यास मायापोत शुरू किया। पहले तो उस उपन्यास को बीच में अधूरा छोड़ नहीं पायी, और जब पूरा कर लिया तो रातभर की नींद गयी। एक तो उसके सभी पात्र इतने उदात्त हैं कि सहज ही स्वीकार्य नहीं होते, दूसरे उसमें संबंधों, मृत्यु और घटनाओं आदि के साथ कुछ ऐसे प्रयोग किए गए हैं कि गले में फांस सी अटकती महसूस होती है।"
उपन्यास देखा है मैंने भी, लेकिन पढ़ने का वक्त नहीं निकाल सका था। बातें घूमते-घूमते साहित्य पर आ गयीं। ट्रैक बदलते रहे, लेकिन बातों का अनवरत सिलसिला जारी रहा। मैंने बाहर जाना स्थगित कर दिया और कपड़े बदल डाले। शार्ट्स और टीशर्ट पहन लिए। कार्डलैस हाथ में लिए-लिए मैं किचन में आया। खुद के लिए कॉफी बनाने लगा। शायद बीस-बाईस बरस बाद अपने लिए कॉफी बना रहा था। खटपट सुनकर बोली, "क्या कर रहे हो?" जब बताया कि कॉफी बना रहा हूँ तो घुड़क दिया, "तुम अकेले क्यों पीओ कॉफी? तुम तब तक पंडित भीमसेन जोशी का नया एलपी सुनो, मैं भी खुद के लिए कॉफी बनाती हूँ।" और उसने अपना चोगा रिकार्ड प्लेयर चलाकर उस पर रख दिया। उस दिन मैंने सारे नौकरों को भारी इनाम देकर शाम तक की छुट्टी दे दी और पूरी फुर्सत से फान पर बात करने में जुट गया। हमने शाम के सात बजे तक यानी लगातार दस घंटे तक बातें कीं। अपनी, उसकी, दुनिया जहान की। इस दौरान उसने मुझे दसियों खूबसूरत नज्में सुनायीं। आयन रैंड ने अपनी किताब एटलस श्रग्ड में `मनी' की परिभाषा कैसे की है, वे पूरे चौबीस पृष्ठ पढ़कर सुनाए। दसियों कप कॉफी पीते हुए, सैंडविच कुतरते हुए, बीयर के लंबे घूँट भरते हुए, अपनी-अपनी जिंदगी के भूले-बिसरे पन्ने पलटते हुए, डायरियों में बरसों पहले लिखी गयी बातें सुनते सुनाते उन दस घंटों में मैंने, हमने एक पूरा युग जी लिया। मैंने खुद की जिंदगी की किताब सेल्स इंजीनियर सोम की जिंदगी की किताब बनाकर फोन पर खोल दी। मैं एक सच को झूठ और दूसरे झूठ को सच बनाकर एक-एक पल भरपूर जीवन जीता रहा उस दौरान। हाथ में कॉर्डलैस लिए पूरे बंगले में घूमता रहा। बंगले की एक-एक चीज को, जो मेरी तो थी, लेकिन जिसे मैं पहचानता नहीं था, छू-छूकर उससे अपना रिश्ता कायम करता रहा। अलग-अलग वक्त पर, दुनिया भर के शहरों से खरीदी अपनी चीजों, किताबों को सहलाकर, झाड़-पोंछकर फिर से सजाता रहा। फोन करते-करते मैंने बाथिंग टब में अलफ नंगे होकर काफी वक्त गुजारा। अरसे बाद खुद को देखा।
उस दौरान मैंने एक पूरी जिंदगी का अहसास पाया। उसकी आवाज मेरे लिए सिर्फ आवाज नहीं थी, एक जीवन मंत्र की तरह कानों में उतर रही थी। मैंने उसके जरिए खुद को पहचाना - उस दिन एक दूसरे के बहुत सारे सच जाने हमने। झूठ पकड़े। बेवकूफियाँ बाँटी और जख्म सहलाए। हमने एक-दूसरे के जीवन की बहुत-सी खट्टी मीठी बातें, यादें, अनुभव, एक दूसरे की डायरियों में दर्ज कीं तब। लेकिन फिर भी उसने अपनी पहचान नहीं बतायी थी, मुझे भी कोई उत्सुकता नहीं थी, लेकिन उसकी बातों के जरिए, आवाज के पुल के जरिए मैं अपने से अलग, अपरिचित किसी अपने के जीवन में उतर गया था। वह मेरे जीवन में बरसों से पसरे अकेलेपन को बुहार गयी थी। नये सिरे से जीवन जीने के लिए मेरा घर-बार अपनी आभा से आलोकित कर गयी थी। बिना मेरे सामने आए, मेरे पोर-पोर में अपनी मौजूदगी का अहसास छोड़ते हुए। उसी दिन मुझे पता चला था कि पिछले कई वर्ष मैंने खुद के लिए नहीं जीये थे, एक व्यवसायी ने दूसरों के लिए जीये थे।
अब वह मेरा, सोम का सारा शेड्यूल जानती है। क्या खाता, पहनता हूँ, से लेकर क्या पढ़ा से कितना बचाया तक। घर पैसे भेजे या नहीं और पैसे पहुँचने की खबर आयी या नहीं तक की डायरी उसके पास है आजकल। मैंने अब तक उस पर अपना राज़ जाहिर नहीं किया है। एक नन्हां सा झूठ फैलते-फैलते अब इतना विराट हो गया है कि मेरा वजूद किसी भी वक्त उसके नीचे कुचला जा सकता है। डर लगता है उस भयावह स्थिति की कल्पना करे। सब कुछ उसे बता कर उसे खोना नहीं चाहता। वह जो भी हो, जिस भी उम्र की हो, उसने कम-से-कम मेरी तरह झूठ तो नहीं बोले हैं। सिर्फ मौन ही तो रही है अपने बारे में। अब मेरे लिए निहायत जरूरी हो गया है कि इस सिलसिले को जारी रखूँ। मुझे अभी उसका फोन नम्बर नहीं पता, हालांकि जानना चाहता भी नहीं, लेकिन यह सिलसिला अगर उसी ने बन्द कर दिया तो! हर सुबह मेरी खिड़की के बाहर खिलनेवाला गुलाब किसी दिन नहीं खिला तो वह जो मनभावन बदली जो रोज मेरे घर-आँगन में बरसकर मेरा जीवन सींच जाती है, अगर कभी न गुजरी तो ! ये सारे सवाल मुझे अब परेशान करने लगे हैं, लेकिन उसकी निरन्तरता और मुस्तैदी फिर मुझे निश्ंिंचत कर देते हैं।
अगर मैं फोन नहीं उठाता तो बात नहीं करती। कुछ पूछती भी नहीं। रख देती है। चाहे बीसियों बार फोन करना पड़े। बहुत घुमक्कड़ है, कहीं भी घूमने निकल जाती है। जिस भी शहर में हो, फोन जरूर करती है। हर बार यही कहती है - कितनी देर से तुम्हारा नंबर डायल कर रही थी, अब याद आया, यह नंबर इस शहर का नहीं और शहर तुम्हारा नहीं। मैं हर बार पहले से ज्यादा खुशनसीब आदमी बन जाता हूँ।
मैंने भी अपने दौरे कम कर दिये हैं। कहीं जाता हूँ तो उसे पहले से बता देता हूँ, लेकिन दूसरे शहरों के नंबर नहीं देता। उसके फोन के बिना गुजरने वाले दिन वाकई बहुत लम्बे और उबाऊ होते हैं। तुरन्त लौट पड़ता हूँ।

जन्म दिन था कल उसका। मुझे पहले से पता नहीं था। पता होता भी तो उस तक अपनी शुभ-कामनाएँ पहुँचाने का कोई जरिया नहीं है मेरे पास। कुछ ऐसा संयोग रहा कि न घर पर मिला मैं, न आफिस में। रात आठ बजे ही बात हो पायी। खुद ही बताया, "आज मेरा जन्मदिन है" मुझे बहुत गुस्सा आया, पहले नहीं बता सकती थी। उसी ने तब बताया, "आपके विश के इंतजार में कब से कुछ नहीं खाया है।" सिर पीटने का मन हुआ। उसे विश किया। कुछ खा लेने के लिए कहा। मैंने बहुत कोशिश की, मुझे एक मौका तो दे दो कुछ देने का। नहीं मिलना चाहती न मिले, किसी बड़े स्टोर में मैं उसके लिए गिफ्ट पैक करवाकर रख देता हूँ, किसी को भेजकर मँगवा ले, लेकिन जिद्दी बिल्कुल नहीं मानी। रात देर तक उसके ख्याल परेशान करते रहे। खुद के लिए भी अच्छा लगा, कोई तो है जो इतना मान देता है। उस शख्स के लिए भी रश्क हुआ जिसे उसका भरपूर प्यार मिलता होगा या मिलेगा। दुनिया का सबसे खुशकिस्मत आदमी।

पिछले चार दिन से उसका फोन नहीं आया है। काफी परेशान हूँ। खुद पर गुस्सा भी आ रहा है, बहुत अपना समझता हूँ उसे, उसका फोन नंबर तक तो ले नहीं पाया अब तक कि सुख दुख में संपर्क कर सकूँ। अब बैठे रहो कुढ़ते हुए उसका फोन आने तक। हर वक्त दिमाग पर छायी रहती है। हर वक्त फोन के आस-पास मँडराता रहता हूँ, घर या ऑफिस में। कल बाजार में पैदल चलते कई बार भान हुआ, उसी की आवाज सुनायी दी हो जैसे, दो एक-बार तो पीछ़े मुड़कर देख भी लिया, लेकिन उस आवाज की सी शख्सियत वाला चेहरा नहीं दिखा।
पाँचवें दिन सुबह फोन किया उसने। थकी हुई आवाज!
"कहाँ से बोल रही हो तुम ठीक तो हो, इतने दिन...।"
उसने बात पूरी नहीं करने दी।
"मुझे कुछ नहीं हुआ है, अचानक गाँव चली गयी थी अपने। वहाँ फोन तो क्या बिजली तक नहीं है। तुम सुनाओ..."
क्या सुनाता मैं। चुप ही रह गया।
उस दिन हमने शब्दों के जरिए कम और शब्दों के बीच के मौन के माध्यम से ज्यादा बातें कीं। एक-दूसरे को पूरी शिद्दत के साथ महसूस किया, जैसे हम आमने-सामने बैठे हों। अंधेरे में एक-दूसरे की साँसों की गर्मी को महसूस करते हुए। फोन करने का सिलसिला फिर चला पड़ा है।

आज मेरा जन्मदिन है। सवेरा उसी के संदेश से हुआ है। टेलीफोन एक्सचेंज के जरिए जन्मदिन की शुभकामना। हैरान हुआ, खुद क्यों नहीं फोन कर लिया उसने। थोड़ी ही देर बाद दरवाजे पर ताज होटल से एक खूबसूरत बुके पहुँचा उसकी तरफ से। देरी के लिए एक क्षमायाचना के साथ कि कल आर्डर देते समय मैडम ने खाली नाम और फोन नंबर बताया था, नंबर टेलीफोन डायरेक्टरी में न होने के कारण एक्सचेंज की स्ट्रीट सर्विस से खासी दिक्कत के बाद पता मिल पाया। ऑफिस पहुँचा तो वहाँ भी पीछा नहीं छोड़ा मैडम ने। बम्बई की सबसे बड़ी फैशन शॉप "अकबर अलीज" से फोन आया कि आपके लिए एक गिफ्ट है। किसी को भेजकर मँगवा लूँ या अपना पता दे दूँ। वे भिजवाने की व्यवस्था कर देंगे। अजीब खब्ती है मैडम! अपना जन्मदिन बताने की जरूरत नहीं समझी और यहाँ पूरे शहर को शामिल कर नही है मेरे जन्मदिन में। आने दो फोन उसका!
मन मार कर अकबर अलीज से पैकेट मँगवाया। एक खूबसूरत ब्रीफकेस, उसमें मेरे मनपसन्द रंग का रेडीमेड सूट, शर्ट, टाई, रूमाल, पर्स, पॅन, डायरी सब कुछ है। विस्फारित आँखों से मैं मेज पर फैला सारा सामने देख रहा हूँ। समझ नहीं पा रहा हूँ, क्या पहेली है। क्या करूँ इस सबका? कहाँ है वह दरियादिल कम्बख्त! आने दो उसका फोन! क्या समझती है खुद को! देखूँ मैं भी!
दिन भर उसका फोन नहीं आया। अमेरिका और आस्ट्रेलिया से बेटों के फोन आए। दुनिया भर में फैले रिश्तेदारों, दोस्तों, बिजिनेस पार्टियों के फोन, कार्ड, गिफ्ट आए। पूरे ऑफिस ने विश किया गिफ्ट दिए। पर वह! सारा दिन ढंग से कुछ खाया न गया। गुस्सा होने के बावजूद उसके फोन का इंतजार करता रहा। नहीं आया। कई निमत्रण थे, लंच के, डिनर के, कहीं नहीं गया। सीधे घर आकर बेडरूम में लेट गया। तकिये में सिर दिए करवटें बदलता रहा। कौन-सा बदला ले रही है मुझसे! क्यों नहीं फोन करती या सामने आती!
तीस-पैतीस सालों के बाद अचानक मेरी रुलाई फूट पड़ी। छी: एक आवाज से इतना मोह! मैंने खुद को समझाना चाहा, क्यों बना हुआ हूँ कठपुतली उस आवाज का? क्यों नहीं उठा देता परदा अपने झूठ पर से और मुक्त हो जाता! उस पर भी गुस्सा आता रहा। आखिर चाहती क्या है मुझसे! क्या मैं छोटा बच्चा हूँ, जो हर बार मैं ही मनाया जाऊँ!
सोच-सोच कर सिर फटा जा रहा है। कभी वह मेरे जीवन को फिर से जीवंतता से सराबोर कर देने वाली चाँदनी लगती है तो कभी एक छलावा और मायावी लगने लगती है। हर पल छल रही है जो मुझे।
अभी आँख लगी ही थी कि फोन बजा। वक्त देखा, रात के दो बजे हैं। इस वक्त कौन हो सकता है। फोन उठाया। इधर से कोई आवाज नहीं। काफी देर तक हैलो, हैलो कहने के बाद भी आवाज नहीं, न ही फोन डिस्कनेक्ट किया गया। फोन रखने ही वाला था कि वह बोली, "नर्सिंग होम से बोल रही हूँ। कल रात कार एक्सीडेंट हो गया था।"
"ओह!" इससे आगे मैं कुछ कह पाता, पहले वही बोली, "नहीं, घबराने की कोई बात नहीं। अभी मरूँगी नहीं। अभी थोड़ी देर पहले ही होश आया है।" मैं कहाँ, कैसे, कब, जैसे बीसियों सवाल एक साथ पूछना चाहता हूँ; लेकिन शब्द नहीं सूझ रहे हैं। हाथ कांप रहे हैं। "बाय द वे, हैप्पी बर्थ डे।" वह शायद दर्द से छटपटा रही है। भींचे होठों की आवाज पकड़ पा रहा हूँ मैं। क्या कहूँ उसे, मौत से जूझ रही होगी, फिर भी पूछ रही है, "बर्थ-डे केक में मेरा हिस्सा रखा है न !" पूछना चाहता हूँ भी बहुत कुछ, परन्तु मौका नहीं है। तुरन्त उसे अपनी कसम देता हूँ। नर्सिंग होम का पता देने के लिए। उसने बिना किसी हील-हुज्जत के पता बता दिया है। हौले से, `गुड नाइट' कहकर रख दिया है फोन उसने।
रात भर सो नहीं पाया। कई बार लगा, सुबह हो गई है। उसे नर्सिंग होम देखने जाना है। उससे मिलने का खयाल आते ही मेरी धड़कन तेज हो जाती है। मिल भी रहे हैं तो किस हालत में। कैसे मिलूँगा, क्या कहकर अपना असली परिचय दूँगा। जानता भी तो नहीं, वह कौन है। दुर्घटना कितनी गम्भीर थी, कहीं ज्यादा चोटें न लगी हों। सारी रात जागे-अधजागे में बीती।
सुबह-सुबह ही नर्सिंग होम के लिए निकलता हूँ। एक तरफ उसकी कुशलता की चिन्ता है, और दूसरी तरफ अपना झूठ पकड़े जाने की धुकधुकी। मन पसोपेश में है। नर्सिंग होम के गेट पर गाड़ी रोककर खुद से पूछता हूँ - तो इस मुलाकात के बाद? किसका मोह भंग पहले होगा? उसका, जो मुझे नहीं सोम को जानती है, मेरा गढ़ा हुआ एक काल्पनिक चरित्र, जो मैं नहीं हूँ। या मेरा जो खाली उसका नाम जानता है, और कुछ नहीं। `नहीं', मुझे, उसे इस हालत में तो जरूर ही मिलना चाहिए। गाड़ी पार्क करके रिसेप्शन तक आता हूँ। फिर सोचता हूँ। `उसकी आवाज के बिना नहीं रह सकता।' लौटने लगता हूँ। मन का कोई कोना ताना मारता है, `डरपोक, अपने स्वार्थ के लिए उसे देखने तक नहीं जाओगे? क्या इसीलिए नर्सिंग होम का पता माँगा था?' फिर लौट पड़ता हूँ। सीढ़ियाँ चढ़ना शुरू करता हूँ। `देख लो, अगर सब कुछ यहीं खत्म हो गया तो?' उससे आगे नहीं सोच पाता कुछ भी। न ही, उसकी आवाज के बिना नहीं रह सकता मैं। वह कोई भी हो, मेरे लिए निहायत जरूरी है। उसे ये जख्म तो भर जाएँगे, लेकिन मुलाकात के बाद के दोनों के जख्म!
नहीं, यह जादू नहीं टूटना चाहिए।
मैं सीढ़ियाँ उतर कर गाड़ी की तरफ बढ़ जाता हूँ फिर रुकता हूँ और सामने फ्लोरिस्ट की दुकान में चला जाता हूँ।

email kathakar@rediffmail.com

Friday, February 8, 2008

मेरी कहानियों का नया ब्‍लाग

मित्रो
अपने एक और ब्‍लॉग के साथ आपके सामने हाजिर हूं. पिछले बीस बरस के दौरान बहुत कुछ रचा है. कहानियां, उपन्‍यास, लेख, व्‍यंग्‍य, अनुवाद, संस्‍मरण, शहरनामे. अधिकांश छपा भी है और अनूदित भी हुआ है. टीवी ओर रेडियो पर आती रही हैं कहानियां. पाठकों का भरपूर प्‍यार मिलता रहा है. मेरी अधिकांश रचनाएं विभिन्‍न नेट प ‍त्रिकाओं पर, पत्रिकाओं के नेट संस्‍करणों में, अलग अलग ब्‍लागों में पसरी पड़ी हैं. मुझे खुद खबर नहीं कि कहां कहां हैं, सबके फांट अलग और सबके पाठक अलग. मेरी एक वेबसाइट भी है geocities.com/kathakar_surajprakash जो न जाने कब से एडिट ही नहीं हुई है. मैं खुद भी उस तरफ नहीं झांकता. अब हिन्‍दी में भी ब्‍लाग बनाना आसान हो जाने और इनके जरिये पूरी दुनिया में बहुत बड़ा पाठक वर्ग मिल जाने को देखते हुए तय किया है कि अब से हर सोमवार एक कहानी के साथ आपके सामने आऊंगा. हो सकता है इनमें से कुछ कहानियां नेट पर पहले से मौजूद हों, तो भी ये तसल्‍ली तो रहेगी कि मेरी सारी रचनाएं एक ही जगह पर उपलब्‍ध है.
मौका लगा तो पाठकों तक चार्ली चै‍प्लिन और चार्ल्स डार्विन की आत्‍म‍कथाओं के अनुवाद भी पहुंचेंगे. और तकनीकी रूप से संभव हुआ तो उपन्‍यास देस बिराना का सारा पाठ और उसके आडियो अंश भी.
तो इंतजार कीजिये सोमवार का
सूरज प्रकाश